Kodema: जिले के डोमचांच प्रखंड स्थित नगर पंचायत क्षेत्र के होटल एचएमटी अंपायर में निर्जला एकादशी उद्यापन के अवसर पर भव्य पूजा-अर्चना, भक्ति जागरण और श्याम बाबा कीर्तन का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन उदय मेहता के सौजन्य से किया गया, जहां श्रद्धालु भक्ति, श्रद्धा और मधुर भजनों में सराबोर नजर आए. पूरे आयोजन में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया.
40 वर्षों के निर्जला व्रत का हुआ उद्यापन
तेतरियाडीह निवासी शकुंतला मेहता ने लगातार 40 वर्षों तक निर्जला एकादशी का व्रत रखने के बाद इस वर्ष विधिवत उद्यापन किया. इस अवसर पर उनके निवास स्थान पर तीन दिनों तक विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए. उद्यापन समारोह में श्रद्धालुओं ने उनके धार्मिक समर्पण और आस्था की सराहना की.

श्याम बाबा कीर्तन ने भक्तों को किया भावविभोर
कार्यक्रम के दौरान श्री श्याम सेवा परिवार द्वारा भव्य श्याम बाबा कीर्तन प्रस्तुत किया गया. मधुर भजनों और संकीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा. श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में डूबे रहे और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया. धार्मिक आयोजन के उपरांत भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया. आयोजन में शामिल श्रद्धालुओं को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया.
जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कोडरमा विधायक डॉ. नीरा यादव, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, कांग्रेस नेत्री लीलावती मेहता, जेजेए इकाई कोडरमा के महासचिव अनिल सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश वर्मा, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे. श्रद्धालुओं ने इस सफल आयोजन के लिए उदय मेहता, अभय मेहता, उनके परिवार एवं श्री श्याम सेवा परिवार को शुभकामनाएं दीं. वहीं युवा शक्ति एक नई सोच संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई.
ALSO READ : हजारीबाग : थाना प्रभारी की सक्रियता से 12 घंटे के अंदर चोरी हुआ ट्रैक्टर बरामद


