Saraikela: स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को गरिमामय और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर समाहरणालय सभागार में सोमवार को समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी श्री नितिश कुमार सिंह ने की. बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला श्री अभिनव प्रकाश, आईटीडीए परियोजना निदेशक श्रीमती उषा मुंडू, अपर उपायुक्त श्री जयवर्धन कुमार, नगर आयुक्त आदित्यपुर श्री एजाज अनवर, एसडीओ चांडिल श्री नितिन शिवम गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के वरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, बीडीओ और थाना प्रभारी उपस्थित थे.

तैयारियों की विभागवार समीक्षा
बैठक में *भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, समाहरणालय परिसर और अन्य ध्वजारोहण स्थलों की साफ-सफाई, रंग-रोगन, स्टेडियम का समतलीकरण, पंडाल, साउंड, प्रकाश, कैमरा, परेड पूर्वाभ्यास, सांस्कृतिक कार्यक्रम, चिकित्सा व्यवस्था, स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान और सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई. उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तैयारी पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि समारोह हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया जाए.
प्रमुख निर्देश
1. सभी सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुरूप ध्वजारोहण सुनिश्चित किया जाए.
2. नगर निकाय 13 अगस्त तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पूरा करें.
3. 14 अगस्त की संध्या को नगर भवन सरायकेला में स्थानीय कलाकारों और विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी.
4. उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मियों की सूची तैयार कर उन्हें प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा.
15 अगस्त को ड्राई डे
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 15 अगस्त को पूरे जिले में ड्राई डे* रहेगा. इस दिन सभी शराब दुकानें, कसाईखाने, मांस और मछली की दुकानें बंद रहेंगी. अनुपालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी संबंधित एसडीओ, एसडीपीओ, अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी को दी गई. राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा को लेकर उन्होंने कहा कि बाजारों में केवल मानक आकार के तिरंगे की ही बिक्री हो. सभी एसडीओ, बीडीओ और सीओ नियमित जांच करेंगे और अनियमितता पर कार्रवाई होगी.
पुलिस अधीक्षक ने दिए सुरक्षा निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री मनोज सर्वगियारी ने कहा कि समारोह स्थल और अन्य ध्वजारोहण स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की जाए. संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए.

ध्वजारोहण का निर्धारित समय
– प्रातः 08:15 बजे – गोपनीय कार्यालय, उपायुक्त आवास
– प्रातः 08:40 बजे – गोपनीय कार्यालय, पुलिस अधीक्षक कार्यालय
– प्रातः 09:10 बजे – मुख्य समारोह, भगवान बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला
– प्रातः 10:15 बजे – समाहरणालय परिसर
– प्रातः 10:30 बजे – पुलिस अधीक्षक कार्यालय
– प्रातः 10:55 बजे – पुलिस लाइन, दुगनी
