सरायकेला: स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर, DC ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

Seraikela:उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित...

Seraikela:उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय सभागार में कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों, प्रशिक्षण केंद्रों, श्रमिक पंजीकरण, प्लेसमेंट, रोजगार और स्वरोजगार से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई.

प्रशिक्षण के साथ रोजगार से जोड़ना मुख्य उद्देश्य

उपायुक्त ने कहा कि कौशल विकास कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल युवाओं को प्रशिक्षण देना नहीं है, बल्कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को उनकी योग्यता और उपलब्ध रोजगार के अवसरों के अनुरूप रोजगार या स्वरोजगार से जोड़ना है. उन्होंने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया.

औद्योगिक मांग के अनुरूप तैयार होगी प्रशिक्षण योजना

बैठक में उपायुक्त ने जिले के विभिन्न औद्योगिक एवं सेवा क्षेत्र के संस्थानों में उपलब्ध रिक्तियों के आधार पर ट्रेडवार प्रशिक्षण की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया. औद्योगिक संस्थानों द्वारा लाइव पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई रिक्तियों की नियमित निगरानी करने और संबंधित ट्रेड में प्रशिक्षित स्थानीय युवाओं के प्लेसमेंट के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. साथ ही संस्थानों को अपनी रिक्तियों की जानकारी पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के लिए समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया.

13 प्रशिक्षण केंद्रों और 9 प्रखंड स्तरीय केंद्रों की समीक्षा

जिले में संचालित सभी 13 प्रशिक्षण केंद्रों और प्रखंड स्तर पर संचालित 9 प्रशिक्षण केंद्रों के नियमित संचालन की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता और नियमितता सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षण पूरा कर चुके अभ्यर्थियों की ट्रैकिंग और प्लेसमेंट पर विशेष ध्यान देने को कहा. पात्र अभ्यर्थियों को सरकारी कल्याणकारी एवं स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने का भी निर्देश दिया गया.

काशी साहू कॉलेज में स्किल पार्क की तैयारियों पर जोर

काशी साहू कॉलेज, सरायकेला में प्रस्तावित स्किल पार्क के संचालन को लेकर अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की गई. उपायुक्त ने बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल, आईटी लैब, कक्षा-कक्ष और सुरक्षा व्यवस्था समेत अन्य आवश्यक तैयारियों को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.

राजनगर और खरसावां में सिलाई प्रशिक्षण जल्द शुरू होगा

उपायुक्त ने राजनगर और खरसावां प्रखंड में सिलाई मशीन प्रशिक्षण का कार्य जल्द शुरू करने का निर्देश दिया. प्रशिक्षण पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया.

RSETI प्रशिक्षित युवाओं को मिलेगा बैंक लिंकेज

PNB RSETI की समीक्षा के दौरान ऐसे प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया, जो अब तक रोजगार या स्वरोजगार से नहीं जुड़ पाए हैं. ऐसे अभ्यर्थियों से संपर्क कर काउंसलिंग और आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा गया. इच्छुक अभ्यर्थियों का बैंक लिंकेज सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया, ताकि वे वित्तीय सहायता प्राप्त कर स्वरोजगार शुरू कर सकें.

श्रमिकों के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप लगाने का निर्देश

बैठक में श्रमिक पंजीकरण की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने विभागीय योजनाओं के तहत विशेष कैंप आयोजित कर पात्र श्रमिकों से आवेदन लेने और छूटे हुए श्रमिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने रोजगार, स्वरोजगार और कल्याणकारी योजनाओं का स्थानीय भाषा में व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा.

विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग पर जोर

नियोजन कार्यालय की समीक्षा के दौरान जिला नियोजन पदाधिकारी को जिला शिक्षा पदाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के विद्यालयों में कक्षा 10वीं, 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए विशेषज्ञों के माध्यम से करियर एवं रोजगार संबंधी काउंसलिंग आयोजित कराने का निर्देश दिया गया.

रोजगार मेलों का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा

उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार नियमित रोजगार मेलों का आयोजन करने का निर्देश दिया. रोजगार मेला आयोजित होने से पहले संबंधित क्षेत्र में स्थानीय भाषा के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक योग्य और इच्छुक युवा इसमें शामिल हो सकें. अभ्यर्थियों की योग्यता, प्रशिक्षण और उपलब्ध रिक्तियों के अनुरूप रोजगार से जोड़ने की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया.

कौशलयुक्त मानव संसाधन विकास की आधारशिला

उपायुक्त ने कहा कि कौशलयुक्त मानव संसाधन जिले के समग्र और सतत विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों और प्रशिक्षण संस्थानों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रशिक्षण, प्लेसमेंट और स्वरोजगार की पूरी प्रक्रिया को परिणामोन्मुखी बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिक से अधिक स्थानीय युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में प्रभावी पहल सुनिश्चित करने को कहा.

बैठक में श्रम अधीक्षक श्री अविनाश कुमार ठाकुर, जिला नियोजन पदाधिकारी, डीपीएम-जेएसएलपीएस, संबंधित विभागों के पदाधिकारी और विभिन्न प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.
ALSO READ: JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने आंदोलन किया स्थगित, सरकार को दिया दो महीने का समय

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *