Hazaribagh: नेपाल की राजधानी काठमांडू में 8 से 11 जनवरी 2027 तक 17वें अंतर्राष्ट्रीय ज्योतिष सम्मेलन का भव्य आयोजन किया जाएगा. इंडियन वास्तु एंड एस्ट्रोलॉजिकल रिसर्च सेंटर तथा कलिंग इंटरनेशनल एस्ट्रोलॉजर्स सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय सम्मेलन में भारत सहित नेपाल, श्रीलंका, भूटान, मलेशिया, यूके, यूएसए और अन्य देशों से 500 से अधिक ज्योतिषाचार्यों, वास्तु विशेषज्ञों, वैदिक विद्वानों एवं शोधार्थियों के शामिल होने की संभावना है.

पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन से होगी सम्मेलन की शुरुआत
सम्मेलन की शुरुआत भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के दर्शन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम से होगी. अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन को लेकर ज्योतिष और वास्तु जगत में विशेष उत्साह देखा जा रहा है. सम्मेलन में विभिन्न देशों के विद्वान ज्योतिष, वास्तु एवं वैदिक विज्ञान से जुड़े विषयों पर अपने विचार, शोध और अनुभव साझा करेंगे.
डॉ. संजय सिंह को वीआईपी चीफ गेस्ट का निमंत्रण
हजारीबाग के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य डॉ. संजय सिंह को इंडियन वास्तु एंड एस्ट्रोलॉजिकल रिसर्च सेंटर की ओर से सम्मेलन में विशेष रूप से वीआईपी चीफ गेस्ट के रूप में आमंत्रित किया गया है. इसके अलावा कलिंगा इंटरनेशनल एस्ट्रोलॉजर्स सोसाइटी ने उन्हें झारखंड राज्य का स्टेट प्रेसिडेंट नियुक्त किया है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर डॉ. संजय सिंह को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाना हजारीबाग और पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात मानी जा रही है. उनके सम्मान से स्थानीय ज्योतिष जगत से जुड़े लोगों में भी उत्साह है. इसे झारखंड की ज्योतिषीय प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के रूप में देखा जा रहा है.
पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक दृष्टिकोण पर होगा मंथन
आयोजकों के अनुसार सम्मेलन का उद्देश्य ज्योतिष, वास्तु एवं वैदिक विज्ञान को आधुनिक और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के साथ समाज के सामने प्रस्तुत करना है. साथ ही इन क्षेत्रों में हो रहे शोध, अनुभव और ज्ञान का व्यापक स्तर पर आदान-प्रदान किया जाएगा. सम्मेलन में देश-विदेश के विद्वानों और विशेषज्ञों को साझा मंच मिलेगा, जहां वे ज्योतिष, वास्तु, वैदिक विज्ञान और इससे जुड़े विभिन्न विषयों पर शोधपत्र, विचार एवं अनुभव प्रस्तुत करेंगे. पारंपरिक ज्ञान और आधुनिक दृष्टिकोण के बीच संवाद स्थापित करने पर भी विशेष जोर रहेगा.
उत्कृष्ट विद्वानों को मिलेगा इंडो-नेपाल एस्ट्रो डिवाइन एक्सीलेंस अवार्ड
सम्मेलन के दौरान ज्योतिष एवं संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ज्योतिषियों और विशिष्ट विद्वानों को इंडो-नेपाल एस्ट्रो डिवाइन एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा. प्रतिभागियों को सम्मेलन की गरिमा के अनुरूप प्रमाण-पत्र, ट्रॉफी, मेडल, शॉल एवं आईडी कार्ड प्रदान किए जाएंगे. सम्मान समारोह के माध्यम से ज्योतिष, वास्तु एवं वैदिक विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वानों और विशेषज्ञों को प्रोत्साहित किया जाएगा.अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाला यह सम्मेलन विभिन्न देशों के ज्योतिषाचार्यों और शोधार्थियों के बीच ज्ञान एवं अनुभव के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच बनने की उम्मीद है.
AlsoRead:रिम्स में साल के अंत तक सभी जरूरी टीचिंग पद भरने का लक्ष्य

