Chakradharpur: बंदगांव थाना परिसर में ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) को लेकर शांति समिति की बैठक थाना प्रभारी देवेंद्र मानिसी की अध्यक्षता में संपन्न हुई. बैठक में बंदगांव के BDO भीषम कुमार मुख्य रूप से उपस्थित थे. बैठक में आगामी ईद-ए-मिलाद के त्योहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई. ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब के जन्म दिवस के रूप में मनाया जाता है. इस अवसर पर थाना क्षेत्र में आपसी भाईचारा, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया.

शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील
BDO भीषम कुमार ने कहा कि ईद-ए-मिलाद आपसी भाईचारे और सौहार्द का त्योहार है. सभी लोग मिल-जुलकर और शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं. किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें.
थाना प्रभारी देवेंद्र मानिसी ने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा. उन्होंने लोगों से अपील की कि सभी समुदाय के लोग आपसी सहयोग और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं. किसी भी तरह की समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल थाना को दें. मौके पर विवेक सिंह विक्की, राजेंद्र मछुआ, लालू सिंह, डॉ. पीके विश्वास, रामेश्वर मछुआ, सिकंदर मछुआ, उप मुखिया सागर मुंडरी, कुलदीप कुमार समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

