Bokaro: दक्षिण पूर्व रेलवे महाप्रबंधक अनिल जैन पहली बार आद्रा डिविजन के बोकारो सेक्शन में निरीक्षण के लिए पहुंचे. सर्वप्रथम उन्होंने बोकारो रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. उसके बाद अपनी टीम के साथ आद्रा डिविजन के सबसे बड़े बोकारो इलेक्ट्रिक विभाग का दौरा करने पहुंचे. इस दौरान कमियों को देखकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. जानकारी के अनुसार इलेक्ट्रिक विभाग का विस्तारीकरण होना है. हालांकि, विभागीय अधिकारियों के अनुसार यह रूटीन निरीक्षण है.

बोकारो में जल्द बनेंगे 4 और 5 नंबर प्लेटफॉर्म
प्रेस से मुखातिब होते हुए उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बोकारो रेलवे स्टेशन में लगातार विकास कार्य चल रहे हैं. जल्द ही स्वचालित सीढ़ी का काम भी पूरा कर लिया जाएगा. साथ ही यार्ड रीमॉडलिंग का काम भी होना है. बोकारो रेलवे स्टेशन पर 4 और 5 नंबर प्लेटफॉर्म बनाने की भी योजना है, जिससे यात्रियों की सुविधाओं में बढ़ोतरी होगी.
ऑनलाइन टिकटिंग से घट रही काउंटर की संख्या
उन्होंने कहा कि आज के दौर में अधिकांश लोग ऑनलाइन टिकट बुक करते हैं. यात्रियों की जरूरत के अनुसार टिकट काउंटर की संख्या घटाई और बढ़ाई जाती है.
टीटी लाइन पर पैसेंजर ट्रेन चलाने की तैयारी
महाप्रबंधक ने कहा कि ट्रेन चलाने से पहले कई प्रकार के निरीक्षण किए जाते हैं. यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाती हैं. अभी कई जगह डबल लाइनिंग का काम चल रहा है. जल्द ही टीटी लाइन पर पैसेंजर ट्रेन दौड़ती दिखेगी.
डबल ट्रैक पूरा होने पर बढ़ेंगी साउथ की ट्रेनें
बोकारो से साउथ क्षेत्र के लिए ट्रेनों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसे तभी पूरा किया जा सकता है, जब रेलवे के डबल ट्रैक का काम पूरा हो जाएगा. कई जगह अभी सिंगल ट्रैक है. इसके अलावा भी कई समस्याएं हैं. इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए लगातार काम किया जा रहा है.
विभिन्न संगठनों ने सौंपे मांगपत्र
निरीक्षण के दौरान विभिन्न संगठनों की ओर से भी महाप्रबंधक को मांगपत्र सौंपे गए. भाजपा के सांसद प्रतिनिधि सह बालीडीह मंडल अध्यक्ष अविनाश सिंह ने बोकारो रेलवे स्टेशन तथा सिटी काउंटर को दोबारा शुरू करने की मांग रखी. वहीं भीम आर्मी तथा बहुजन युवा शक्ति ने रेलवे क्षेत्र में स्थापित संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थल तक पहुंचने के लिए मार्ग उपलब्ध कराने की मांग की.
इसके अलावा 18629 रांची-गोरखपुर वीकली एक्सप्रेस को नियमित करने के लिए भी मांगपत्र सौंपा गया. इधर, रेलवे शेड में हो रहे कोयला स्टॉक और उससे होने वाले प्रदूषण से परेशान बांसगोड़ा मुखिया प्रतिनिधि रौनक अफ्रोज ने गुड्स शेड को रेलवे द्वारा चिन्हित सेंट्रल स्कूल के बगल में स्थापित करने की मांग रखी.

