हजारीबाग: सालों से अंचल कार्यालय के चक्कर लगा रहे पीड़ित ने जमीन संबंधी आदेश के लिए मुख्य सचिव से लगाई गुहार – News Wave Jharkhand

Hazaribagh : सदर अंचल कार्यालय में जमीन संबंधी मामले के निष्पादन में कथित देरी से परेशान सुल्ताना निवासी महेंद्र ठाकुर ने झारखंड...

hazaribagh land-relate

Hazaribagh : सदर अंचल कार्यालय में जमीन संबंधी मामले के निष्पादन में कथित देरी से परेशान सुल्ताना निवासी महेंद्र ठाकुर ने झारखंड के मुख्य सचिव को आवेदन देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है. उनका कहना है कि करीब दो वर्षों से वह अपने मामले के निष्पादन के लिए अंचल कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कर्मचारी की ओर से जांच प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत नहीं किया गया है.

10.83 डिसमिल जमीन में पांच डिसमिल की खरीद-बिक्री का मामला

मुख्य सचिव को दिए आवेदन के अनुसार, महेंद्र ठाकुर, पिता स्व. जगदीश ठाकुर, ग्राम सुल्ताना, पोस्ट सुल्ताना, जिला हजारीबाग के निवासी हैं. उन्होंने मौजा कुद, थाना नंबर 143, खाता नंबर 27 और प्लॉट नंबर 123 की कुल 10.83 डिसमिल जमीन में से पांच डिसमिल जमीन की खरीद-बिक्री के लिए किशोर ठाकुर, पिता वासुदेव ठाकुर, निवासी इमली कोठी, हजारीबाग से इकरार किया है. दफा 46 छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम के तहत खरीद-बिक्री आदेश के लिए अपर समाहर्ता कार्यालय में आवेदन दिया गया था. यह आवेदन 24 फरवरी 2025 को सदर अंचल भेजा गया. मामले का वाद संख्या 166/25 बताया गया है.

जांच प्रतिवेदन अब तक नहीं हुआ तैयार

महेंद्र ठाकुर का आरोप है कि मामला सदर अंचल के हल्का-3 के कर्मचारी मयंक कुमार सिंह के पास लंबित है. उनका कहना है कि कर्मचारी की ओर से अब तक जांच प्रतिवेदन तैयार कर प्रस्तुत नहीं किया गया है. आवेदन में महेंद्र ठाकुर ने बताया है कि वह प्रत्येक सप्ताह मंगलवार और शुक्रवार को अंचल कार्यालय जाते हैं. हालांकि, उन्हें कथित रूप से यह कहकर वापस भेज दिया जाता है कि आज होगा, कल होगा. इस कारण उन्हें लगातार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं.

संबंधित कर्मचारी से संपर्क का भी किया प्रयास

आवेदक ने संबंधित कर्मचारी से मोबाइल नंबर 6200638169 पर संपर्क करने का प्रयास करने की बात कही है. उनका आरोप है कि कई बार फोन करने पर मोबाइल बंद मिलता है. इससे मामले की स्थिति जानने और उसके निष्पादन की प्रक्रिया में उन्हें परेशानी हो रही है.

जमीन के हिस्से से संबंधित आदेश पहले ही जारी

आवेदन में यह भी कहा गया है कि इसी जमीन के पांच डिसमिल हिस्से से संबंधित आदेश वर्ष 2024 में सुरेश कुमार, पिता स्व. हुलास राम, निवासी हजारीबाग के पक्ष में वाद संख्या 429/2024 में दिया जा चुका है. वहीं, शेष हिस्से से संबंधित महेंद्र ठाकुर का मामला अब तक लंबित है. लगातार अंचल कार्यालय का चक्कर लगाने से परेशान महेंद्र ठाकुर ने मुख्य सचिव से मामले की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने की गुहार लगाई है. आवेदन की प्रतिलिपि उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त, हजारीबाग DC और सदर अंचल अधिकारी को भी दी गई है.

Also Read : हजारीबाग: रेलवे स्टेशन-कॉलोनी से होल्डिंग टैक्स वसूलेगा नगर निगम, जमीन के असेसमेंट की तैयारी तेज

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *