Hazaribagh: आम लोगों को कानूनी सहायता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से 23 अगस्त को बरही नगर भवन में मेगा लीगल एम्पावरमेंट कैंप का आयोजन किया जाएगा. झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह शिविर सुबह 11 बजे से शुरू होगा.

विभिन्न विभागों के लगेंगे स्टॉल
मेगा कैंप में अलग-अलग सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए जाएंगे. इन स्टॉल के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं, जनकल्याणकारी सुविधाओं और कानूनी सहायता से संबंधित जानकारी दी जाएगी. साथ ही आम लोगों की शिकायतों और समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान करने का प्रयास किया जाएगा.
जरूरतमंद लोगों को मिलेगी कानूनी सहायता
शिविर में लोगों को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के साथ आवश्यक परामर्श और सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इसके अलावा पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी जाएगी.
अधिक से अधिक लोगों से पहुंचने की अपील
बरही बीडीओ जयपाल महतो ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत प्रतिनिधियों, मुखिया, उपमुखिया, वार्ड सदस्यों और समाजसेवियों से कैंप में शामिल होने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि और समाजसेवी अपने क्षेत्र के जरूरतमंद लोगों को शिविर की जानकारी दें, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें. बीडीओ ने बताया कि मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी सुविधाओं के प्रति जागरूक करना तथा उनकी समस्याओं का संभव हो तो मौके पर ही समाधान करना है. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से 23 अगस्त को बरही नगर भवन पहुंचकर शिविर का लाभ उठाने की अपील की है.
ALSO READ: लोहरदगा: DMO कार्यालय के खिलाफ ट्रक ऑनर एसोसिएशन ने खोला मोर्चा, आंदोलन की चेतावनी

