Simdega: गौवंशीय पशुओं की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिमडेगा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने एक बोलेरो वाहन से सात गौवंशीय पशुओं को बरामद किया है. कार्रवाई 21 अगस्त की सुबह करीब 4 बजे कुरडेग-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर ठेसूटोली मोड़ के पास की गई.

वाहन जांच के दौरान पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के अनुसार, रात्री गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोलेरो वाहन से बनडेगा से कुरडेग होते हुए गौवंशीय पशुओं को सिमडेगा की ओर ले जा रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने ठेसूटोली मोड़ के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान सिमडेगा की ओर से तेज रफ्तार में आ रही सफेद रंग की बोलेरो को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखकर चालक ने वाहन पीछे कर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल ने उसे रोक लिया.
चालक फरार, एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, वाहन रुकते ही चालक मौके से उतरकर जंगल की ओर भाग गया. वहीं, वाहन में चालक के बगल में बैठे जीशान हुसैन, करीब 23 वर्ष, निवासी बनडेगा, थाना तलसेरा, जिला सुंदरगढ़, ओडिशा को पुलिस ने पकड़ लिया. मौके से बोलेरो वाहन के अलावा दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए.
बूचड़खाने से बरामद हुए सात पशु
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर सिमडेगा के खैरनटोली मस्जिद मोहल्ला स्थित एक बुचड़खाने में छापेमारी की. यहां से सात गौवंशीय पशुओं को बरामद किया गया. मामले में कुरडेग थाना कांड संख्या 34/2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपी जीशान हुसैन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, मामले में फरार चालक अबुजर हुसैन समेत अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पशु तस्करी और अवैध वध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ALSO READ: लोहरदगा: गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार, 17 सिलेंडर बरामद

