Lohardaga: भंडरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भौंरो मोड़ स्थित पहान गैस गोदाम में पिछले कई दिनों से हो रही गैस सिलेंडरों की चोरी के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के 17 गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं. जानकारी के अनुसार, पहान गैस एजेंसी के संचालक राजेंद्र उरांव ने लगातार हो रही गैस सिलेंडर चोरी से परेशान होकर भंडरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर भंडरा थाना में कांड संख्या 57/26 दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की. थाना प्रभारी मनोज गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर भंडरा निवासी रामदयाल महली के पुत्र विक्की महली तथा एक नाबालिग को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए चोरी के सिलेंडरों को सस्ते दामों में बेचने की बात कबूल की.

यह भी पढ़ें: हजारीबाग: बारिश ने छीना बुजुर्ग मसोमात उर्मिला देवी का आशियाना, मिट्टी का खपरैल मकान ढहा; आवास की आस अब भी अधूरी

आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया जेल
आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने लोहरदगा के बरवाटोली में छापेमारी अभियान चलाया, जहां चोरी के सिलेंडर खरीदने के आरोप में हीरा साहू के पुत्र गोपाल साहू तथा कनी साहू के पुत्र संदीप साहू उर्फ भोला साहू को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने इनके घरों समेत अन्य स्थानों से चोरी के कुल 17 गैस सिलेंडर बरामद किए. थाना प्रभारी मनोज गुप्ता ने बताया कि गिरोह के सदस्य रात के अंधेरे में गैस गोदाम को निशाना बनाकर सिलेंडरों की चोरी करते थे और बाद में उन्हें कम कीमत पर बेच दिया करते थे. पुलिस ने सभी चारों आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. पुलिस का कहना है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य संभावित लोगों की भी तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है.

