माफियाओं से साठगांठ कर छात्रों को भड़का रही BJP, नेता प्रतिपक्ष कोचिंग संचालकों संग मिल छात्र आंदोलन को भटकाने का कर रहे प्रयास : JMM

Chatra: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) चतरा जिला इकाई ने छात्र आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला है....

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मौजूद JMM नेता
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान मौजूद JMM नेता

Chatra: झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) चतरा जिला इकाई ने छात्र आंदोलन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जमकर हमला बोला है. पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में जिला कोषाध्यक्ष नितेश राणा उर्फ अंबानी ने आंदोलन की आड़ में BJP पर राजनीतिक लाभ लेने के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है. प्रेस वार्ता कर उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों का सम्मान करते हुए राज्य सरकार लगातार संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है, जबकि BJP छात्र आंदोलन की आड़ में अपनी डूबती राजनीति की नैया पुनः चमकाने में जुटी है.

नितेश ने कहा कि BJP छात्र हितों की बात केवल राजनीतिक अवसर देखकर करती है. जब दिल्ली में छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा छात्रों पर बल प्रयोग किया गया, तब BJP के वरिष्ठ नेताओं की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. लेकिन आज वही BJP झारखंड के छात्रों को गुमराह कर आंदोलन को राजनीतिक दिशा देने का प्रयास कर रही है. JMM जिला कोषाध्यक्ष ने कहा कि BJP अपने कार्यकर्ता और कोचिंग माफिया को आगे कर छात्रों को बहला-फुसलाकर सड़क पर उतार रही है.

उन्होंने कहा कि JMM शुरू से छात्रों के साथ खड़ी रही है और इसी का परिणाम है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने परीक्षाओं में धांधली की जानकारी मिलते ही छात्र हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं करेगी. सरकार द्वारा छात्रों की मांगों पर सकारात्मक पहल की गई है, लेकिन BJP इस पूरे मामले को समाधान की दिशा में ले जाने के बजाय विवाद और भ्रम फैलाने में लगी हुई है. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक बहकावे में न आएं और राज्य सरकार की मंशा पर विश्वास बनाए रखें.

JPSC मामले में न्यायिक प्रक्रिया का इंतजार करने की अपील

जिला कोषाध्यक्ष ने कहा कि 11वीं से 13वीं JPSC परीक्षा को लेकर छात्रों द्वारा उठाए गए मुद्दों को राज्य सरकार ने गंभीरता से लिया था और सरकार द्वारा परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय भी लिया गया. लेकिन बाद में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा उस निर्णय पर रोक लगा दी गई. उन्होंने कहा कि अब पूरा मामला न्यायिक प्रक्रिया और जांच के दायरे में है, इसलिए छात्रों को धैर्य और संयम बनाए रखना चाहिए. उन्होंने विश्वास जताया कि जांच पूरी होने और न्यायालय का अंतिम निर्णय आने के बाद छात्रों को न्याय अवश्य मिलेगा.

छात्र लड़ रहे रोजगार, पारदर्शिता और न्याय की लड़ाई : सत्येंद्र मित्तल

वहीं जिला प्रवक्ता सत्येंद्र मित्तल ने कहा कि छात्रों की लड़ाई रोजगार, पारदर्शिता और न्याय की लड़ाई है. उन्होंने कहा कि इस आंदोलन को BJP द्वारा राजनीतिक मंच में बदलने का प्रयास नहीं होना चाहिए. छात्रों की वास्तविक चिंताओं और भविष्य को केंद्र में रखकर ही समाधान निकाला जा सकता है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और जांच एजेंसियों को निष्पक्ष रूप से अपना कार्य करने का अवसर दिया जाना चाहिए ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके और योग्य छात्रों के साथ न्याय सुनिश्चित हो.

शांति, संयम और लोकतांत्रिक तरीके से छात्र रखें अपनी बात : राहुल यादव

युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष राहुल यादव ने कहा कि छात्र हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं करेगी. वहीं अन्य नेताओं ने छात्रों से शांति, संयम और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील करते हुए कहा कि झारखंड सरकार उनकी भावनाओं और अपेक्षाओं के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है.

राहुल ने BJP सांसद सह केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि BJP झारखंड मुक्ति मोर्चा कार्यकर्ताओं को संस्कार सिखाने की बात करती है, तो उससे पहले अपने कार्यकर्ताओं के व्यवहार का मूल्यांकन उन्हें करना चाहिए. इतना ही नहीं, JMM जिलाध्यक्ष ने कहा कि हाल के दिनों में BJP द्वारा आयोजित बंद के दौरान पत्रकारों और आम लोगों के साथ जिस प्रकार का व्यवहार देखने को मिला, वह BJP की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है. JMM लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द में विश्वास करती है तथा जनता के बीच संवाद और सम्मान की राजनीति करती है.

ALSO READ: चाईबासा: बंदगांव के सुदूर गांवों में सड़क निर्माण बना परेशानी का कारण, मिट्टी के ढेर से तीन गांवों का रास्ता बंद

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *