Ranchi: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने बिहार एसटीएफ के साथ मिलकर एक संयुक्त अभियान में हथियारों की तस्करी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे एक और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान करमुल्लाह (पिता- अब्दुल गफ्फार), निवासी वार्ड नंबर 02, चेतन परसा, जिला सारण (बिहार) के रूप में हुई है. एनआईए ने उसे 22 अगस्त को सारण जिले से पकड़ा है. यह मामला एनआईए केस संख्या आरसी-11/2024 से संबंधित है, जो एके-47 राइफल और जिंदा कारतूसों की बरामदगी और तस्करी से जुड़ा हुआ है.

नागालैंड से बिहार होती थी प्रतिबंधित हथियारों की तस्करी:
एनआईए की जांच के अनुसार, आरोपी करमुल्लाह ने अन्य सह-आरोपियों के साथ मिलकर नागालैंड से बिहार में अत्याधुनिक और प्रतिबंधित बोर के हथियारों की तस्करी की साजिश रची थी. इस गिरोह का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में सार्वजनिक शांति और सुरक्षा को भंग करना तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डालना था.
मुजफ्फरपुर से शुरू हुई थी मामले की कड़ी:
इस मामले की शुरुआत सात मई 2024 को हुई थी, जब फकुली थाना (मुजफ्फरपुर) की पुलिस ने मुर्गियाटिया पुल के पास से लेंस लगी एक एके-47 राइफल और भारी मात्रा में जिंदा कारतूस बरामद किए थे. उस दौरान मौके से 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था (मामला संख्या 19/2024). बाद में मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच एनआईए को सौंपी गई थी.
ALSO READ: NIA की बड़ी कार्रवाई: एके-47 राइफल तस्करी मामले में एक और फरार आरोपी गिरफ्तार

