पतरातू: फर्नेस ब्लास्ट हादसे के बाद अंबा प्रसाद ने संभाला मोर्चा, 51 लाख मुआवजा तय कराने का दावा

Patratu: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री के टरबाइन क्षेत्र में हुए फर्नेस ब्लास्ट हादसे में...

फर्नेस ब्लास्ट हादसे के बाद अंबा प्रसाद ने संभाला मोर्चा

Patratu: बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के हेहल स्थित मां छिन्नमस्तिका सीमेंट एंड इस्पात फैक्ट्री के टरबाइन क्षेत्र में हुए फर्नेस ब्लास्ट हादसे में तीन युवा इंजीनियरों की मौत और एक इंजीनियर के गंभीर रूप से घायल होने के बाद पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने घटनास्थल पहुंचकर मोर्चा संभाला. उन्होंने मृतकों और घायल के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.

परिजनों से मुलाकात के बाद कंपनी प्रबंधन से की वार्ता

घटना की सूचना मिलते ही अंबा प्रसाद घटनास्थल पहुंचीं और जिला प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों से बातचीत की. उन्होंने हादसे में मृत इंजीनियरों के परिजनों तथा घायल इंजीनियर के परिवार से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं. साथ ही घायल के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था कराने की पहल की.

51-51 लाख और घायल के लिए 30 लाख मुआवजे का दावा

अंबा प्रसाद ने दावा किया कि उनके लगातार प्रयास और दबाव के बाद मृतकों के परिजनों के लिए 51-51 लाख रुपये तथा घायल इंजीनियर के परिजनों के लिए 30 लाख रुपये मुआवजा सुनिश्चित कराया गया. उन्होंने बताया कि रामगढ़ उपायुक्त की ओर से भी स्पष्ट किया गया था कि कंपनी प्रबंधन द्वारा तय मुआवजा राशि उपलब्ध कराने तक फैक्ट्री को बंद रखा जाएगा.

मुआवजे को लेकर भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि वार्ता और प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा की ओर से पीड़ित परिवारों को यह कहकर बुलाया गया कि स्थानीय भाजपा विधायक तय मुआवजे से अधिक राशि दिलाएंगे. अंबा प्रसाद के अनुसार, परिवारों ने इस आश्वासन पर भरोसा किया.

ALSO READ: भारत-श्रीलंका दूसरा टेस्ट: देवदत्त पडिक्कल का लगातार दूसरा टेस्ट शतक, पहले दिन भारत ने 5 विकेट खोकर 300 रन बनाए

30 लाख भुगतान पर उठाए सवाल

अंबा प्रसाद का आरोप है कि बाद में मृतकों के परिजनों को केवल 30 लाख रुपये की राशि दी गई, जबकि कंपनी प्रबंधन पहले से इतनी राशि देने को तैयार था. उन्होंने कहा कि उनके प्रयास और लगातार दबाव के कारण ही कंपनी प्रबंधन प्रत्येक मृतक के परिजन को 51 लाख रुपये मुआवजा देने के लिए तैयार हुआ था.

पीड़ित परिवारों के साथ मुआवजे पर राजनीति दुर्भाग्यपूर्ण – अंबा

अंबा प्रसाद ने पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों के साथ मुआवजे के नाम पर राजनीति बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने भाजपा और कंपनी प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि ऐसे दुखद समय में राजनीतिक दलों को पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा होना चाहिए, न कि उनके दुख को राजनीति का विषय बनाना चाहिए.उन्होंने आरोप लगाया कि मृतकों और घायलों के परिजनों के साथ मुआवजे को लेकर धोखा किया गया है. मौके पर पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष शहजाद अनवर समेत कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *