Simdega: नाबालिग किशोरी के प्रसव से जुड़े मामले में सिमडेगा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी महिला की निशानदेही पर उसके घर के आंगन में दफन किए गए मृत शिशु को भी बरामद किया है. मामले में घटना में प्रयुक्त कुदाल भी जब्त की गई है.

छह माह के मृत शिशु को जन्म देने का आरोप
पुलिस के अनुसार, 14 वर्षीय किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई. किशोरी की मां ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि गुड़िया देवी ने किशोरी को गर्भपात कराने के उद्देश्य से कथित तौर पर जड़ी-बूटी की दवा खिलाई थी. साथ ही घटना की जानकारी किसी को नहीं देने की बात कही गई थी. इसके बाद किशोरी ने करीब छह माह के मृत शिशु को जन्म दिया. आरोप है कि प्रसव के बाद महिला मृत शिशु को अपने साथ ले गई.
तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती
प्रसव के बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ गई. 22 अगस्त को उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने किशोरी की मां का बयान दर्ज कर जांच शुरू की.
POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज
किशोरी की मां के बयान के आधार पर मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 21/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
आरोपी महिला न्यायिक हिरासत में भेजी गई
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी गुड़िया देवी को गिरफ्तार किया गया. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घर के आंगन में दफन मृत शिशु को बरामद किया और घटना में इस्तेमाल कुदाल भी जब्त कर ली. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. गिरफ्तार महिला को 23 अगस्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
ALSO READ: जंतर-मंतर पर UGC इक्विटी रेगुलेशन 2026 के खिलाफ प्रदर्शन, अनुमति नहीं होने पर पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया

