Jamtara: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला समुचित प्राधिकारी, PC & PNDT आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति की बैठक हुई. बैठक में PC & PNDT Act के अनुपालन और जिले में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों की स्थिति की समीक्षा की गई.

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिले के सभी अल्ट्रासाउंड केंद्रों का नियमित रूप से औचक निरीक्षण किया जाए और Act व SOP का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए. उन्होंने प्रत्येक माह कम से कम 3 से 4 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा.
मशीन के दुरुपयोग पर रोक, लाइसेंस निरस्त करने का निर्देश
दो संस्थानों द्वारा अल्ट्रासाउंड केंद्र का संचालन नहीं करने संबंधी आवेदन दिए जाने पर उपायुक्त ने संबंधित संचालकों से मशीन के दुरुपयोग नहीं करने की अंडरटेकिंग लेने तथा नियमानुसार लाइसेंस निरस्त करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रसव पूर्व लिंग जांच कराना कानूनन अपराध है. कन्या भ्रूण हत्या की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. किसी भी अल्ट्रासाउंड केंद्र की लिंग जांच में संलिप्तता पाए जाने पर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में सिविल सर्जन डॉ. एसके मिश्रा, अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. दिनेश प्रसाद, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निलेश कुमार, डॉ. सना अदालिब, DPM प्रदीप महतो सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे.

