रांची में अवैध पानी कारोबार और अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3 RO प्लांट पर 1.50 लाख का जुर्माना

Ranchi: शहर में नियमों का उल्लंघन कर भूगर्भ जल का इस्तेमाल करने वाले RO वाटर प्लांट और सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों...

Ranchi: शहर में नियमों का उल्लंघन कर भूगर्भ जल का इस्तेमाल करने वाले RO वाटर प्लांट और सड़क-फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ रांची नगर निगम ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार को निगम की टीम ने तीन RO वाटर प्लांट की जांच की. जरूरी लाइसेंस के बिना संचालन पाए जाने पर तीनों प्लांट पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. इस तरह निगम ने मौके पर कुल 1.50 लाख रुपये की वसूली की.

तीन RO प्लांट पर हुई कार्रवाई

निगम की कार्रवाई गो जल RO, मोरहाबादी सरना टोली, मां पानी सर्विस RO वाटर, चिरौंदी-बोड़िया रोड और RV RO वाटर, कुसुम बिहार मोरहाबादी में हुई. जांच के दौरान लाइसेंस संबंधी जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर प्रत्येक प्लांट पर 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.

लाइसेंस के लिए जरूरी होंगे ये दस्तावेज

नगर निगम ने RO वाटर प्लांट संचालकों को आवश्यक दस्तावेजों के साथ लाइसेंस के लिए आवेदन करने का निर्देश दिया है. इसके लिए आधार कार्ड, फर्म या कंपनी का रजिस्ट्रेशन, बिजली बिल, होल्डिंग टैक्स रसीद, केंद्रीय भूगर्भ जल प्राधिकरण की NOC और बारिश के पानी के संग्रहण की व्यवस्था से संबंधित जानकारी देनी होगी.लाइसेंस के लिए 25 हजार रुपये और नवीकरण के लिए 20 हजार रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. निगम के अनुसार अब तक करीब 90 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले प्लांट के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. जरूरत पड़ने पर प्लांट को सील भी किया जा सकता है.

कॉलेजों के आसपास भी हटाया गया अतिक्रमण

RO प्लांट के अलावा नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम ने शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सड़क और फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान चलाया. विमेंस कॉलेज के साइंस ब्लॉक के पास से 10 अस्थायी संरचनाएं हटाई गईं और दो ठेले जब्त किए गए.वहीं सेंट जेवियर्स कॉलेज, सर्कुलर रोड के सामने भी कार्रवाई की गई. यहां से तीन काउंटर, दो टेबल और अन्य सामान जब्त किया गया. अतिक्रमण हटाए जाने के बाद सड़क और पैदल चलने की जगह खाली कराई गई, जिससे विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों को आवागमन में सुविधा होगी.

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी सख्त कार्रवाई

नगर निगम की टीम ने दुकानदारों और अन्य लोगों को चेतावनी दी कि सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर दोबारा अतिक्रमण करने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी. निगम ने साफ किया है कि शहर में अवैध RO प्लांट के संचालन और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ALSO READ: झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने की पुलिसकर्मियों को सुसेवांक पुरस्कार देने की मांग, 5 दिन की छुट्टी और भादो मेला ड्यूटी से छूट की भी मांग

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *