चाईबासा: ईद-ए-मिलाद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त बैठक, शांति व्यवस्था को लेकर दिए दिशा-निर्देश

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी...

ईद-ए-मिलाद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त बैठक
ईद-ए-मिलाद को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त बैठक

Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 26 अगस्त, बुधवार को ईद-ए-मिलाद (मिलाद-उन-नबी) पर्व के मद्देनजर जिले में बेहतर विधि व्यवस्था संधारण एवं शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार संपन्न कराने को लेकर बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के वरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी जुड़े.

बैठक के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को पर्व के दौरान शांति, सौहार्द एवं आपसी भाईचारा बनाए रखने के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया. उन्होंने संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों को चिह्नित करते हुए वहां विशेष निगरानी रखने तथा आवश्यकता के अनुरूप दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा.

जुलूस के निर्धारित मार्ग और समय का पालन कराने का निर्देश

उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जुलूस एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान निर्धारित मार्ग, समय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए. जुलूस के मार्ग का पूर्व निरीक्षण करते हुए सड़क, बिजली, पेयजल, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने तथा किसी भी प्रकार की बाधा की स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.

उन्होंने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोगों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा. साथ ही, अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष निगरानी रखते हुए किसी भी आपत्तिजनक या भड़काऊ गतिविधि की सूचना प्राप्त होने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराने का निर्देश दिया.

सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री पर रहेगी विशेष नजर

पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सघन गश्ती, प्रभावी पेट्रोलिंग एवं संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर विशेष नजर रखी जाए तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

पुलिस अधीक्षक ने जुलूस एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने, प्रमुख चौक-चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित प्रतिक्रिया दल को सक्रिय रखने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को स्थानीय आयोजकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने एवं किसी भी अप्रिय स्थिति की संभावना को प्रारंभिक स्तर पर ही नियंत्रित करने को कहा.

बैठक में पदाधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि किसी भी परिस्थिति में कानून-व्यवस्था से समझौता न हो तथा शांति भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. साथ ही, आपात स्थिति में सभी संबंधित विभागों के बीच त्वरित समन्वय एवं संचार व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया गया.

जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने जिलेवासियों से ईद-ए-मिलाद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं भाईचारे की भावना के साथ मनाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है. प्रशासन ने आमजनों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध या आपत्तिजनक गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा पुलिस को देने का आग्रह किया है.

ALSO READ: रांची में अवैध पानी कारोबार और अतिक्रमण पर निगम की बड़ी कार्रवाई, 3 RO प्लांट पर 1.50 लाख का जुर्माना

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *