Ranchi : राजधानी में ईद, सरहुल और रामनवमी के महापर्वों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद कर दी गई है. शहर में शांति और सौहार्द्र बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने कमर कस ली है. इसी कड़ी में शुक्रवार शहर के विभिन्न संवेदनशील मार्गों और जुलूस वाले रूटों का ड्रोन कैमरों के माध्यम से सघन निरीक्षण किया गया.

इन इलाकों पर रही पुलिस की पैनी नजर
पुलिस प्रशासन ने ड्रोन के जरिए विशेष रूप से उन क्षेत्रों की निगरानी की जहां से शोभा यात्रा और जुलूस गुजरने वाले हैं. इनमें प्रमुख रूप से कोतवाली, सुखदेवनगर, डेली मार्केट और हिंदपीड़ी क्षेत्र के हनुमान मंदिर, उर्दू लाइब्रेरी, लेक रोड, बड़ा तालाब, अंजुमन प्लाजा, एकरा मस्जिद, संग्राम चौक, पुरानी रांची, अपर बाजार और महावीर चौक शामिल है. इन क्षेत्रों की भौगोलिक स्थिति और भीड़भाड़ वाले पॉइंट्स का आकलन किया गया ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.
रांची पुलिस की जनता से अपील
त्योहारों के दौरान शहर की व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए पुलिस ने नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है. शहर के कई मुख्य मार्गों पर रूट डायवर्ट किया गया है. असुविधा से बचने के लिए तय रास्तों का ही उपयोग करें. पुलिस ने अनुरोध किया है कि यदि कोई बहुत जरूरी काम न हो, तो दोपहिया या चारपहिया वाहन लेकर बाहर न निकलें. अनावश्यक वाहनों से ट्रैफिक जाम होगा, जिससे पर्व में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी हो सकती है. जिन नागरिकों की ट्रेन या फ्लाइट है, वे समय से काफी पहले घर से निकलें. अंतिम समय में निकलने पर जाम के कारण आपकी यात्रा छूट सकती है. सरहुल और ईद को आपसी प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस प्रशासन का सहयोग करें.

