Latehar : जिले के बालूमाथ थाना में बुधवार को एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का भव्य आयोजन किया गया. इस विशेष शिविर का उद्घाटन एसपी कुमार गौरव के द्वारा मुख्य अतिथि के रूप में दीप प्रज्वलित कर किया गया. उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए एसपी ने कहा कि रक्तदान महादान है. आपके द्वारा दान किया गया रक्त का एक कतरा किसी गंभीर बीमारी या दुर्घटना से जूझ रहे व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस मानवीय और पुनीत कार्य में आगे आने का आह्वान किया.

पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने रक्तदान कर दिया सामाजिक संदेश:
शिविर में केवल औपचारिक शुरुआत ही नहीं हुई, बल्कि लातेहार पुलिस के कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने स्वयं रक्तदान कर समाज के सामने एक अनूठी मिसाल पेश की. पुलिसबल की इस पहल से प्रेरित होकर शिविर में उपस्थित स्थानीय युवाओं और नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक रक्तदान किया. कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से आमजन से अपील की गई कि वे रक्तदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और नियमित रूप से रक्तदान करें. उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि पुलिस का काम केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक दायित्वों को निभाना भी है.
शिविर के अंत में आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और उनके इस सराहनीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम के दौरान स्थानीय गणमान्य लोग, स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे.
ALSO READ: सरायकेला: विधायकी रद्द करने की मांग पर तरुण महतो का सवाल- दोषी पुलिसकर्मियों की नौकरी रद्द कब होगी?

