Saraikela: चांडिल के न्यू बाइपास एनएच-18 स्थित बबलू होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह ईचागढ़ के पूर्व प्रत्याशी तरुण महतो ने पुलिस एसोसिएशन पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि यदि आरोपों के आधार पर विधायकों की विधायकी रद्द करने की मांग की जा सकती है, तो गंभीर मामलों में दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी समान कार्रवाई की मांग होनी चाहिए.

पांच मामलों का किया जिक्र
तरुण महतो ने पांच मामलों का जिक्र करते हुए पुलिस एसोसिएशन से जवाब मांगा. उन्होंने सवाल उठाया कि सूर्या हांसदा के कथित फेक एनकाउंटर, उनके साथ कथित थर्ड डिग्री टॉर्चर, जमशेदपुर में बीमार जीत महतो की थाने में कथित मौत,आदिवासी महिला अल्पना महली से कथित दुर्व्यवहार और मारपीट तथा होटवार जेल में महिला कैदी के गर्भवती होने के मामले में यदि पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ क्या कार्रवाई होनी चाहिए?
कानून सबके लिए समान हो
तरुण महतो ने कहा कि कानून का पैमाना सभी के लिए समान होना चाहिए. यदि किसी जनप्रतिनिधि पर लगे आरोपों के आधार पर उसकी विधायकी रद्द करने की मांग की जाती है, तो पुलिसकर्मियों पर आरोप सिद्ध होने की स्थिति में उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने पुलिस एसोसिएशन से इन मामलों में अपना स्पष्ट रुख सामने रखने की मांग की. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या व्यक्ति को दोषी ठहराना नहीं, बल्कि आरोप सिद्ध होने पर समान कानूनी कार्रवाई की मांग करना है.
AlsoRead:रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का किया खुलासा, आठ अपराधी गिरफ्तार और दस बाइक जब्त

