Ranchi: रांची पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर संगठित गिरोह का खुलासा किया है. पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना सहित कुल आठ अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधी का नाम भरत बैठा, सुनील करमाली, रोहित उरांव, रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव समेत अन्य हैं. मुख्य आरोपी भरत बैठा का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है, जिस पर पहले से हत्या और चोरी सहित कुल ग्यारह संगीन मामले दर्ज हैं. इनके पास से चोरी की कुल दस मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं. इन अपराधियों की गिरफ्तारी से रांची और उसके आस-पास के जिलों के दर्जनों मामलों का खुलासा हुआ है.


वाहन चेकिंग के दौरान पकड़े गए आरोपी
कल धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो इलाके के स्वर्ण रेखा नदी पुल के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. सशस्त्र बल के सहयोग से पुलिस ने उन्हें खदेड़कर पकड़ लिया. जांच करने पर पता चला कि उनके पास मौजूद बाइक चोरी की थी. कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे एक संगठित गिरोह चला रहे हैं. ये लोग मुख्य रूप से विभिन्न ग्रामीण इलाकों के साप्ताहिक बाजारों से मोटरसाइकिलें चुराते थे. चोरी के बाद ये गाड़ियों के नंबर प्लेट बदल देते थे और उन्हें ग्रामीण क्षेत्रों में कम दामों पर बेच देते थे.
SSP के निर्देश पर गठित हुई थी टीम
इस गिरोह को पकड़ने के लिए रांची SSP के निर्देश पर हटिया के पुलिस उपाधीक्षक(DSP) निरज कुमार झा के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था. इस टीम में धुर्वा, जगन्नाथपुर और टाटीसिल्वे के थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल शामिल थे.
ALSO READ: हजारीबाग में बारिश के बीच निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी, सीरत और इंसानियत का दिया संदेश

