सरायकेला: जिले के चांडिल गोलचक्कर स्थित निजी आवास में आयोजित प्रेस वार्ता में सूर्य पद महतो व अन्य याचिकाकर्ताओं ने बताया कि वर्ष 2025 में खाता 52 की लगभग 9 डिसमिल भूमि का अधिग्रहण NHAI द्वारा किया गया था. बची हुई भूमि उनकी रैयती दखली जमीन है, जिसके वैध दस्तावेज एसडीएम को पहले ही सौंपे जा चुके हैं.

सरहुल आयोजन को लेकर आपत्ति
याचिकाकर्ताओं ने कहा कि सरहुल कमेटी द्वारा उसी भूमि पर दावा कर वर्ष 2026 में आयोजन करने की तैयारी से वे असहमत हैं. उन्होंने 21 मार्च 2026 को चांडिल थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन भी दिया है.
परंपरा का सम्मान, लेकिन जमीन पर अधिकार भी जरूरी
याचिकाकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे सरहुल पर्व का विरोध नहीं कर रहे हैं. उनका कहना है कि वे आदिवासी परंपरा और संस्कृति का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन बिना अनुमति निजी भूमि पर किसी भी प्रकार का आयोजन उचित नहीं है.
प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग
उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और भूमि अधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की.
Also Read: लाखों की भीड़ में खोए बच्चों को रांची पुलिस ने परिवार से मिलवाया
एसडीएम पर दुर्व्यवहार का आरोप
याचिकाकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जब वे चांडिल अनुमंडल कार्यालय नोटिस की रिसीविंग कराने पहुंचे, तो एसडीएम द्वारा उनके साथ गलत व्यवहार किया गया. उनका यह भी कहना है कि उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया और उस समय सरहुल कमेटी के लोग भी वहां मौजूद थे.
तीन घंटे तक बैठाए रखने का आरोप
उन्होंने बताया कि उन्हें करीब तीन घंटे तक कार्यालय में बैठाकर रखा गया, जिसके कारण वे समय पर रांची उच्च न्यायालय में रिसीविंग नहीं पहुंचा सके. इसके बावजूद उन्होंने पूरे मामले में संयम बनाए रखा.
शहरबेड़ा भूमि विवाद पर विस्तृत जानकारी
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के शहरबेड़ा में खाता 52 प्लॉट संख्या 395, 397, 403 और खाता 13 प्लॉट संख्या 404 की रैयती भूमि पर सरहुल आयोजन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. याचिकाकर्ताओं ने प्रेस वार्ता में अपने वैध दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए स्पष्ट किया कि वे पर्व के विरोधी नहीं हैं, बल्कि अपनी खतियानी जमीन पर अधिकार की मांग कर रहे हैं.
न्यायालय के आदेश के बावजूद आयोजन पर सवाल
चांडिल अनुमंडल अंतर्गत ग्राम शहरबेड़ा पोस्ट चैनपुर थाना चांडिल की इस विवादित भूमि को लेकर याचिकाकर्ताओं ने कहा कि न्यायालय के आदेश के बावजूद यहां आयोजन की तैयारी गंभीर विषय है. उन्होंने प्रशासन से इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
प्रेस वार्ता में कई लोग रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में सूर्य पद महतो, जय महतो, मैदानव महतो, झंगरू महतो, जगदीश चंद्र महतो, खगेन्द्र नाथ महतो सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
वैध दस्तावेज और लगान रसीद का दावा
याचिकाकर्ताओं के अनुसार उक्त भूमि खाता संख्या 52 के खेसरा संख्या 395, 397 एवं 403 तथा खाता संख्या 13 के खेसरा संख्या 404 से संबंधित है. उन्होंने बताया कि इस जमीन के सभी वैध दस्तावेज और लगान रसीद उनके पास उपलब्ध हैं और वे नियमित रूप से हर वर्ष लगान का भुगतान करते हैं.

