चतरा: जिले के टंडवा स्थित एनटीपीसी साइट पर एक सुरक्षाकर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना भामाशाह चौक के पास की है, जहां डीजीआर कंपनी में तैनात सुरक्षा गार्ड लाल बहादुर अचानक सड़क किनारे गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों और सहकर्मियों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

दवा लेने जा रहे थे बाजार
बताया जा रहा है, कि मृतक एनटीपीसी गेट नंबर दो पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे और अपने कमरे से बाजार दवा लेने जा रहे थे. तभी रास्ते में यह हादसा हो गया. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई. जानकारी के अनुसार, गिरने के दौरान लाल बहादुर के सिर में गंभीर चोट लगी, जो उनकी मौत का कारण बनी.
पुलिस ने बताया कि मृतक उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के निवासी थे और पूर्व में भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दे चुके थे. वर्तमान में वे डीजीआर के तहत एनटीपीसी साइट पर सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थे.
यह भी पढ़ें: पलामू: बेतला में प्राकृतिक साबुन निर्माण पर प्रशिक्षण संपन्न

