Ranchi : झारखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य में अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है. 23 से 26 मार्च तक आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. वहीं 26 मार्च को आसमान साफ रहने की संभावना है. रांची समेत आसपास के इलाकों में तापमान लगातार बढ़ते हुए 34°C तक पहुंच सकता है, जिससे गर्मी का असर तेज होने लगेगा.


ऊपर दिया गया ग्राफ रांची क्षेत्र में तापमान के बढ़ते ट्रेंड को दिखाता है, जिससे साफ है कि 26 मार्च तक गर्मी अपने पीक पर पहुंच सकती है, इसके बाद हल्की गिरावट और मौसम में बदलाव आएगा.
27 मार्च से बदलेगा मौसम का मिजाज
हालांकि 27 मार्च से मौसम करवट लेगा. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाने के साथ मेघ गर्जन, हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. 28 मार्च को भी पूर्वी और मध्य भागों में बारिश जारी रह सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे रहने से बचने को कहा गया है. 29 मार्च को फिर से मौसम साफ और शुष्क होने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे का मौसम हाल
• पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा.
• सबसे अधिक तापमान: 32°C (सरायकेला).
• सबसे कम तापमान: 11.9°C (गुमला).
• 27-28 मार्च: गरज-चमक, बारिश और तेज हवा का अलर्ट.
• तापमान में लगातार बढ़ोतरी से गर्मी बढ़ेगी.

