रांची: सुखदेवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रातू रोड फ्लाईओवर पर शुक्रवार की देर रात एक सड़क दुर्घटना हुई. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया और उग्र भीड़ ने मौके पर खड़े ट्रक में आग लगा दी. जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार वाहन फ्लाईओवर पर पहले से खड़े एक ट्रक से पीछे से जोरदार तरीके से टकरा गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक, फ्लाईओवर पर ट्रक खड़ा था, जिसे तेज रफ्तार वाहन चालक देख नहीं पाया और अनियंत्रित होकर उससे जा भिड़ा. हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय निवासी बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए. युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था और फ्लाईओवर पर अवैध रूप से खड़े वाहनों को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया.आक्रोश इस कदर बढ़ा कि भीड़ ने दुर्घटनाग्रस्त स्थल पर खड़े ट्रक को आग के हवाले कर दिया.

