Chatra: जिला परिषद कार्यालय के सभा कक्ष में बुधवार को जिला उप विकास आयुक्त (डीडीसी) अमरेंद्र कुमार के सेवानिवृत्त होने पर विदाई समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी ने की. समारोह में वक्ताओं ने अमरेंद्र कुमार के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने प्रशासनिक दायित्वों का ईमानदारी, पारदर्शिता और समर्पण के साथ निर्वहन किया. उनके नेतृत्व में जिले की कई विकासात्मक योजनाओं को गति मिली तथा जनहित के कार्यों को प्राथमिकता दी गई.
पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न देकर किया सम्मानित

इस अवसर पर जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया. सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं दीं.

डीडीसी ने जताया आभार
अमरेंद्र कुमार ने विदाई समारोह में सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि चतरा में मिला सहयोग उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा. साथ ही विश्वास जताया कि जिला परिषद की टीम आगे भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ विकास कार्यों को आगे बढ़ाती रहेगी. कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी, सभी जिला परिषद सदस्य, कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.
ALSO READ : चाईबासा: हिरणी फॉल में पर्यटक मित्रों ने विधायक रामसूर्या मुंडा का किया सम्मान, 19 सूत्री मांगपत्र सौंपा


