हजारीबाग महाजुलूस: 5000 पुलिस बल, 143 CCTV और 107 अखाड़ों के साथ निकलेगा भव्य रामनवमी जुलूस

हजारीबाग: रामनवमी महापर्व को लेकर शहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया है. शनिवार रात से भव्य महाजुलूस निकाला जाएगा, जो...

हजारीबाग: रामनवमी महापर्व को लेकर शहर पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूब गया है. शनिवार रात से भव्य महाजुलूस निकाला जाएगा, जो रविवार दिनभर जारी रहेगा. इस बार जुलूस को और अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं. प्रशासन और आयोजन समितियों के समन्वय से पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है.

107 अखाड़ों की झांकियां होंगी आकर्षण का केंद्र

इस बार जुलूस की सबसे बड़ी खासियत 107 अखाड़ों की भव्य झांकियां होंगी, जो भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और धार्मिक प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत करेंगी. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली झांकियों को पुरस्कृत भी किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पूरे मार्ग पर 143 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. पांच हजार से अधिक पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि 50 ऊंचे भवनों पर नाइट विजन दूरबीन से लैस 100 जवान तैनात रहेंगे. पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन सहित अन्य अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं.

Also Read: JBNL का बड़ा प्लान: 2031 तक 70.92 लाख उपभोक्ता, 16581 मिलियन यूनिट खपत, 12,828 करोड़ की बिजली खरीद

व्यवस्था के लिए बनाए गए मंच और रूट प्लान

जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 प्रमुख स्थानों पर मंच बनाए गए हैं, जहां डीएसपी स्तर के अधिकारी मौजूद रहेंगे. जुलूस के प्रवेश और निकासी के लिए विशेष रूट प्लान तैयार किया गया है. साथ ही झांकियों की गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है, जिससे उनकी रियल-टाइम मॉनिटरिंग की जा सके.

मेडिकल और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था

आपात स्थिति से निपटने के लिए जुलूस मार्ग में 20 स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं. 10 मंचों के पास एंबुलेंस और 10 बाइक एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है. इसके अलावा 51 निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी. मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भी विशेष ड्यूटी रोस्टर तैयार किया गया है. श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, चलंत शौचालय और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.

इंटरनेशनल रामनवमी का विशेष आकर्षण

हजारीबाग की रामनवमी को इंटरनेशनल रामनवमी का दर्जा प्राप्त है, जिसका इंतजार रामभक्त साल भर करते हैं. हर वर्ष की तरह इस बार भी यह आयोजन भक्ति, उत्साह और भव्यता का अनूठा संगम प्रस्तुत करेगा.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *