Seraikela: जल जीवन मिशन के तहत राजनगर प्रखंड की तिंतिडीह पंचायत के तिंतिडीह गांव में 8 अगस्त 2026 को जल अर्पण दिवस मनाया गया. कार्यक्रम में विभागीय और प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधि, जलसहिया और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए.
सुरक्षित पेयजल और जल संरक्षण की ली शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने सुरक्षित पेयजल के उपयोग और जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए सामूहिक रूप से शपथ ली. इसके अलावा जागरूकता रैली, रक्षा सूत्र बंधन और जल सिंगार/वंदना सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं. इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व और भविष्य के लिए इसके संरक्षण की आवश्यकता का संदेश दिया गया.
जल की बर्बादी रोकने और योजनाओं के रखरखाव पर जोर
कार्यक्रम में ग्रामीणों को सुरक्षित पेयजल के उपयोग, जल संरक्षण और पानी की बर्बादी रोकने को लेकर जागरूक किया गया. साथ ही जलापूर्ति योजनाओं के नियमित रखरखाव और बेहतर संचालन के संबंध में भी जानकारी दी गई. पदाधिकारियों ने कहा कि जल स्रोतों और जलापूर्ति योजनाओं का संरक्षण केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं है. इसके लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है. सामुदायिक सहयोग से ही जलापूर्ति व्यवस्था को लंबे समय तक बेहतर तरीके से संचालित किया जा सकता है.
उत्कृष्ट कार्य करने वालों को किया गया सम्मानित
जलापूर्ति योजनाओं के रखरखाव, जल संरक्षण और जन-जागरूकता के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मुखिया/प्रधान, वार्ड सदस्यों और जलसहियाओं को कार्यक्रम के दौरान सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों से अपील की गई कि वे जल की एक-एक बूंद का महत्व समझें और पानी के संरक्षण एवं विवेकपूर्ण उपयोग के लिए सामूहिक प्रयास करें.
सामुदायिक भागीदारी से मजबूत होगा जल संरक्षण अभियान
जल अर्पण दिवस के आयोजन का उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के साथ जलापूर्ति योजनाओं के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा. कार्यक्रम में लोगों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि सामुदायिक भागीदारी से जल संरक्षण के अभियान को और मजबूत किया जा सकता है.
ALSO READ: हीरो कौन और हैवान कौन? अक्षय-सैफ की फिल्म का टीजर कल खोलेगा बड़ा राज
