न्यूज वेव डेस्क
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की अपकमिंग फिल्म ‘हैवान’ को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता लगातार बढ़ रही है. लंबे समय से चर्चा में बनी इस फिल्म को लेकर अब मेकर्स ने एक बड़ा अपडेट साझा किया है. फिल्म का टीजर 12 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा. टीजर की घोषणा के साथ ही फिल्म के नए पोस्टर्स भी सामने आए हैं, जिनमें अक्षय कुमार और सैफ अली खान का रहस्यमयी और गंभीर अंदाज नजर आ रहा है.
सामने आया फिल्म का डार्क लुक
अक्षय कुमार ने सोशल मीडिया पर ‘हैवान’ के दो नए पोस्टर्स शेयर किए हैं. पोस्टर्स में दोनों कलाकारों के किरदारों को बेहद गंभीर और रहस्यमयी अंदाज में पेश किया गया है. धुंधले बैकग्राउंड और कम रोशनी वाले विजुअल फिल्म के थ्रिलर जोन की ओर इशारा करते हैं. पोस्टर पर लाल रंग में लिखा ‘हैवान’ टाइटल इसके डार्क मूड को और मजबूत करता है. अक्षय ने पोस्टर के साथ लिखा कि बदला ही उनकी वजह है और हर सेंस उनका हथियार है. उन्होंने दर्शकों से सवाल किया कि वे किसकी तरफ हैं- हीरो या हैवान? इसी के साथ उन्होंने टीजर के अगले दिन रिलीज होने की जानकारी दी.
12 अगस्त को खुलेगा ‘हैवान’ का रहस्य
मेकर्स ने आधिकारिक तौर पर साफ कर दिया है कि फिल्म का टीजर 12 अगस्त को दर्शकों के सामने आएगा. माना जा रहा है कि टीजर के जरिए फिल्म की कहानी, किरदारों और इसके थ्रिलिंग माहौल की पहली झलक देखने को मिलेगी. फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर पहले से ही काफी चर्चा है और टीजर के बाद इसकी उत्सुकता और बढ़ने की उम्मीद है.
सैफ अली खान का किरदार है बेहद खास
‘हैवान’ में सैफ अली खान एक अलग तरह के किरदार में नजर आने वाले हैं. फिल्म में उनका किरदार एक ऐसे योद्धा का है, जो देख नहीं सकता, लेकिन अपनी दूसरी इंद्रियों और क्षमताओं के जरिए परिस्थितियों को समझने और मुकाबला करने में सक्षम है. सैफ ने अपने किरदार को भारतीय अंदाज के ‘ब्लाइंड समुराई’ जैसा बताया है. उनके मुताबिक यह भूमिका उनके लिए चुनौतीपूर्ण होने के साथ-साथ काफी अलग अनुभव भी रही. फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन के साथ काम करने को लेकर भी उन्होंने उत्साह जाहिर किया है.
18 साल बाद साथ दिखेंगे अक्षय और सैफ
‘हैवान’ की सबसे बड़ी खासियतों में से एक अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी भी है. दोनों कलाकार करीब 18 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आएंगे. इससे पहले दोनों को 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘टशन’ में साथ देखा गया था. फिल्म में अक्षय और सैफ के अलावा बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे.
प्रियदर्शन ने संभाली है फिल्म की कमान
‘हैवान’ का निर्देशन मशहूर फिल्ममेकर प्रियदर्शन कर रहे हैं. फिल्म का निर्माण केवीएन प्रोडक्शंस और द स्पियन फिल्म्स के सहयोग से किया जा रहा है. वेंकेट के. नारायण और शैलजा देसाई फिल्म के निर्माता हैं.
सितंबर में सिनेमाघरों में आएगी ‘हैवान’
टीजर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ने वाली है. अक्षय कुमार और सैफ अली खान स्टारर यह सस्पेंस-थ्रिलर 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. अब सभी की नजर 12 अगस्त को आने वाले टीजर पर है, जिससे फिल्म की कहानी और दोनों सितारों के किरदारों को लेकर कई नए संकेत मिलने की उम्मीद है.
ALSO READ: पश्चिम बंगाल में पाकुड़ के 10 नाबालिग बंधुआ बाल मजदूरों का सुरक्षित रेस्क्यू, झारखंड और बंगाल प्रशासन के संयुक्त अभियान में मिली सफलता
