रांची/खूंटी: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार को झारखंड दौरे पर है. रांची आने के बाद उपराष्ट्रपति खूंटी जिले के ऐतिहासिक गांव उलिहातू पहुंचे. भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में उन्होंने ‘धरती आबा’ की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.

इस दौरान एक भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब उपराष्ट्रपति ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की. उन्होंने न केवल उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना, बल्कि वहां मौजूद बच्चों के साथ समय बिताया और उन्हें चॉकलेट बांटकर अपना स्नेह प्रकट किया. इस मौके पर राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश और झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी उनके साथ मौजूद रहे.

Also Read: धनबाद: आसमान में उड़ते हेलीकॉप्टर ने बढ़ायी लोगों की जिज्ञासा
राजभवन में दोपहर का भोजन और मुख्य कार्यक्रम
उलिहातू के दौरे के बाद उपराष्ट्रपति रांची लौट आए हैं. तय कार्यक्रम के अनुसार, वे राजभवन में लंच करेंगे. इसके बाद वे आईआईएम रांची के नए परिसर में आयोजित होने वाले 15वें दीक्षांत समारोह के लिए प्रस्थान करेंगे. शाम को कार्यक्रम के समापन के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे.

दीक्षांत समारोह दो सत्रों में होगा आयोजन
आईआईएम रांची का यह 15वां दीक्षांत समारोह दो विशेष सत्रों में विभाजित किया गया है.पहला सत्र दोपहर तीन बजे संस्थान परिसर में शुरू होगा. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन इस समारोह की शोभा बढ़ाएंगे. इस महत्वपूर्ण अवसर पर देश और राज्य की कई बड़ी हस्तियां एक साथ मंच साझा करेंगी.
