हजारीबाग: रामनवमी के भव्य जुलूस और सुरक्षा व्यवस्था को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को पुलिस केंद्र, हजारीबाग में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग सत्र का आयोजन किया गया. इस बैठक में बोकारो जोन के आईजी सुनील भास्कर, डीआईजी नौशाद आलम, डीआईजी अंजनी झा और एसपी अंजनी अंजन मुख्य रूप से उपस्थित थे. संयुक्त रूप से सभी अधिकारियों ने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों, मजिस्ट्रेट और जवानों को संबोधित किया.
अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें
आईजी सुनील भास्कर ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. ब्रीफिंग के दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मियों को कहा गया कि सभी पुलिस पदाधिकारी और कर्मी पूरी वर्दी में रहें और अत्यंत अनुशासन के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें. उन्होंने आगे कहा कि जब तक रामनवमी के सभी जुलूस निर्धारित मार्गों से गुजर कर शांतिपूर्वक संपन्न नहीं हो जाते, तब तक कोई भी कर्मी अपनी तैनाती वाली जगह को खाली नहीं करेगा.
अनावश्यक बल प्रयोग से बचे पुलिस
इसके अलावा जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं और आम जनता के साथ पुलिस का व्यवहार मर्यादित होना चाहिए. किसी भी परिस्थिति में अभद्र व्यवहार या अनावश्यक बल प्रयोग से बचे. प्रशासन द्वारा जारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर का पालन करें. भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन स्थिति के लिए तय नियमों के अनुसार ही कार्य करें. किसी भी संदेहास्पद स्थिति या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल अपने वरीय अधिकारियों को दें. कोई भी बड़ा निर्णय लेने या कार्रवाई करने से पहले वरिष्ठों से निर्देश प्राप्त करना अनिवार्य है.
यह भी पढ़ें: रांची : वार्ड ऑफिस बन रहे बेहतर, रंग-रोगन और मरम्मत का काम तेज, लोगों को मिलेगी सुविधा
