KODERMA: आकांक्षी प्रखंडों में आकांक्षा कार्यक्रम के विभिन्न संकेतकों (इंडिकेटर्स) के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर आज उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, आधारभूत संरचना एवं वित्तीय समावेशन से संबंधित विभिन्न मानकों की प्रगति की समीक्षा की गई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि आकांक्षी प्रखंडों के विकास से जुड़े निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से प्राप्त किया जा सके.
आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना कार्यक्रम का उद्देश्य
उपायुक्त ने कहा कि आकांक्षा कार्यक्रम का उद्देश्य विकास के प्रमुख मानकों में सुधार लाकर आम लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाना है. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रगति प्रतिवेदनों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. साथ ही जिन संकेतकों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई है, उनमें विशेष प्रयास करने एवं नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
बैठक के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, पेयजल, कृषि एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई. अधिकारियों को जमीनी स्तर पर योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया. बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, सिविल सर्जन डॉ अनिल कुमार, समेत अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
ALSO READ:रांची: उग्रवादी संगठन टीएसपीसी के नाम पर रंगदारी मांगने के आरोपी के बेल पर अगली सुनवाई चार को



