रांची: असम के गुवाहाटी स्थित अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 25 से 28 मार्च तक आयोजित पारा लॉन बाउल राष्ट्रीय प्रतियोगिता 2026 में झारखंड के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए. यह प्रतियोगिता पारा इंडियन लॉन बॉल फेडरेशन के तत्वावधान में आयोजित की गई थी. झारखंड की ओर से पवन लकड़ा, मुकेश कंचन और अनिता तिर्की ने भाग लिया और सभी ने बेहतरीन खेल दिखाया.
इस कैटेगरी में खिलाड़ियों ने जीत पदक
पवन लकड़ा ने B6 कैटेगरी के एकल मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता. वहीं मुकेश कंचन ने B7 कैटेगरी के एकल मुकाबलों में शानदार खेल दिखाकर कांस्य पदक अपने नाम किया. अनिता तिर्की ने B8 कैटेगरी में बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया और झारखंड का नाम रोशन किया. इसके अलावा, B7 कैटेगरी के डबल्स मुकाबले में मुकेश कंचन और पवन लकड़ा की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता.
इस उपलब्धि पर पैरालंपिक कमिटी झारखंड के अध्यक्ष जटा शंकर सहित झारखंड लॉन बॉलिंग फेडरेशन के पदाधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
यह भी पढ़ें: नोटबंदी गबन मामले में तीनों आरोपी बरी, साक्ष्य नहीं जुटा पाई CBI
