Ranchi: राजधानी रांची में VIP जायलो कार में मवेशी तस्करी करने का मामला प्रकाश में आया है. डोरंडा पुलिस ने डोरंडा के यूनुस चौक, नाई मोहल्ला निवासी मो. जावेद (32) को महिंद्रा जाइलो (JH08B-6363) से पांच गौवंशीय पशुओं की तस्करी करते गिरफ्तार किया है. साथ ही इस मामले में कुरैशी मोहल्ला निवासी मासूम कुरैशी, माटी कुरैशी, बुलंद कुरैशी, राजू कुरैशी, नामकुम थाना क्षेत्र के सदाबहार चौक निवासी शहवाज तथा वाहन मालिक सहित सात लोगों के खिलाफ डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है. प्राथमिकी जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के बयान पर दर्ज की गयी है. बरामद पांच मवेशियों में एक बाछी की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि चार को जीवित बचा लिया गया है. इधर गिरफ्तार चालक मो. जावेद को गुरुवार को जेल भेज दिया गया.
क्या है पूरी घटना?
घटना बुधवार देर रात करीब 11:15 बजे की है. जगरनाथपुर थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह के नेतृत्व में बिरसा चौक पर एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान काले शीशों वाली सफेद महिंद्रा जाइलो को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर डोरंडा की ओर भाग गया. इसकी सूचना डोरंडा पुलिस को दी गयी, सूचना मिलते ही डोरंडा पुलिस ने डोरंडा बाजार और झंडा चौक के बीच घेराबंदी की और वाहन को पकड़ लिया गया.

पांचों मवेशियों को बेरहमी से गाड़ी में रखा गया था
तलाशी के दौरान वाहन की पिछली सीटें हटाकर पांच मवेशियों को उनके पैर, मुंह और गर्दन रस्सी से बांधकर बेरहमी से ठूंस दिया गया था. दम घुटने से एक बाछी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि चार अन्य पशुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पूछताछ में गिरफ्तार चालक मो. जावेद ने पुलिस को बताया, कि उसने यह जाइलो बिना कागजात के नामकुम निवासी शहवाज से खरीदी थी. उसने स्वीकार किया कि मवेशियों को रांची के सिठियो इलाके से लोड कर मासूम कुरैशी, माटी कुरैशी, बुलंद कुरैशी और राजू कुरैशी के कहने पर डोरंडा पहुंचाया जा रहा था.
यह भी पढ़ें: कैबिनेट का फैसलाः झारखंड सदर हॉस्पीटल में इंटर्नशिप कर रहे विदेशी छात्रों को भी मिलेगा स्टाइफंड


