रांची: श्री श्री महावीर मंडल पिठोरिया के तत्वावधान में आयोजित अस्त्र-शस्त्र चालन प्रतियोगिता बड़ी धूमधाम के साथ संपन्न हुई. इस भव्य आयोजन के दौरान विभिन्न अखाड़ों से आए प्रतिभागियों ने तलवार, भाला, गदा, धनुष-बाण और लाठी जैसे पारंपरिक हथियारों के संचालन का हैरतअंगेज प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. देर रात तक चले इस कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया. मंडल के अध्यक्ष कृष्णा नायक ने सभी अखाड़ाधारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, कि राम भक्तों ने जिस अटूट उत्साह के साथ इस प्रतियोगिता में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की है, वह सराहनीय है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि अगले वर्ष भी इसी ऊर्जा के साथ आयोजन सफल होगा.

प्रथम विजेता को मिलें शील्ड, मेडल, तलवारें और नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता के परिणामों की जानकारी देते हुए उपाध्यक्ष सह मीडिया प्रभारी विजय कुमार गोप ने बताया कि चुटिया श्री महावीर मंडल छोटा नागपुर क्लब ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बड़ा शील्ड, मेडल, तलवारें और नकद पुरस्कार अपने नाम किया. शिव शक्ति बजरंग दल संघ को द्वितीय पुरस्कार के रूप में बड़ा शील्ड, तलवार और नकद राशि प्रदान की गई. वहीं, तीसरे स्थान पर श्री श्री बजरंग दल ज्योति क्लब चटकपुर रहा, जिसे शील्ड व तलवार देकर सम्मानित किया गया. चौथे स्थान पर न्यू रंगारंग झीमी समिति इरगु टोली मधुकम रांची और पांचवें स्थान पर पवन पुत्र क्लब चचगुरा रहे, जिन्हें शील्ड, ढाल और तलवार के साथ नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया. इसके साथ ही अस्त्र शस्त्र चालू में प्रतियोगिता में सभी प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में नगद तलवार देकर सम्मानित किया गया.
यह भी पढ़ें: रामगढ़: पतरातू फ्लाईओवर साइट पर अपराधियों ने की गोलीबारी, राहुल दुबे गैंग ने लिया जिम्मा
