पाकुड़: पाकुड़ डीसी मनीष कुमार ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारियों एवं कर्मियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने शहरी जलापूर्ति योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिया, कि अतिरिक्त संसाधन एवं मानव बल लगाकर कार्य में तेजी लाई जाए और 30 अप्रैल तक इसे हर हाल में पूर्ण किया जाए.
खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश
आगामी गर्मी को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने सभी खराब पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि इसके लिए पर्याप्त मरम्मत दल लगाई जाए और सभी कनीय अभियंता इसकी नियमित मॉनिटरिंग स्वयं करें, ताकि आमजन को पेयजल की समस्या का सामना न करना पड़े. उपायुक्त ने जिला समन्वयकों को निर्देशित किया कि वे क्षेत्र भ्रमण कर निर्माणाधीन अवयवों का भौतिक निरीक्षण स्वयं करें तथा आरपीडब्ल्यूएसएस पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि कार्य को प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूर्ण कराना सुनिश्चित करें. साथ ही कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया, कि आगामी समीक्षा बैठक में सभी संवेदकों के साथ उपस्थित रहें, ताकि योजनावार विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें.
उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे समन्वय एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि आमजन को पेयजल से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके.
यह भी पढ़ें: गिरिडीह: दो साइबर अपराधी गिरफ्तार, 6 मोबाइल, 4 सिमकार्ड और एक मोटरसाइकिल जब्त
