रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएससीए) ने राज्य में चल रही विभिन्न नियुक्ति प्रक्रियाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण सूचनाएं जारी की हैं. आयोग ने झारखंड तकनीकी और विशिष्ट योग्यताधारी स्नातक स्तरीय संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 के हजारों आवेदनों को रद्द कर दिया है. वहीं, उत्पाद सिपाही और सहायक आचार्य भर्ती को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है.

तकनीकी स्नातक परीक्षा, क्यों रद हुए 6,906 आवेदन
आयोग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विभिन्न कमियों के कारण कुल 6,906 आवेदनों को खारिज कर दिया गया है. इसके पीछे का मुख्य कारण यह बताया जा रहा है, कि अभ्यर्थियों ने केवल पंजीकरण का प्रारंभिक चरण पूरा किया था और परीक्षा शुल्क का भुगतान नहीं किया. 231 अभ्यर्थियों ने शुल्क तो जमा किया, लेकिन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए. वहीं, 72 मामलों में समान नाम, पिता का नाम और जन्म तिथि वाले एक से अधिक आवेदन पाए गए.
ऐसे में केवल अंतिम आवेदन को वैध मानकर शेष को रद्द कर दिया गया. इसके अलावा 47 आवेदन निबंधन पोर्टल द्वारा स्वजनित त्रुटियों के कारण रद्द हुए. इस परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 नवंबर 2025 से 8 दिसंबर 2025 तक चली थी.
उत्पाद सिपाही भर्ती की परीक्षा 22 मार्च को होगी
झारखंड उत्पाद सिपाही प्रतियोगिता परीक्षा-2023 की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है. इसकी लिखित परीक्षा 22 मार्च 2026 को राज्य के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. आयोग ने उन अभ्यर्थियों को एक अंतिम मौका दिया है, जिनका शारीरिक माप, बायोमैट्रिक प्रविष्टि या उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर अधूरे होने के कारण परिणाम लंबित था. आयोग ने स्पष्ट किया है कि यह अंतिम अवसर है और इसके बाद कोई भी दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा.
संशोधित परिणाम जारी
जेएससीए ने सहायक आचार्य नियुक्ति प्रक्रिया के तहत इंटर प्रशिक्षित सहायक आचार्य का संशोधित रिजल्ट भी प्रकाशित कर दिया है. इस बदलाव से चयन सूची में बड़े उलटफेर देखने को मिले हैं. 245 अभ्यर्थियों के आवंटित जिले और कोटि में बदलाव हुआ है.आयोग ने इसके साथ ही चयनित अभ्यर्थियों के संशोधित नेट प्राप्तांक भी जारी कर दिए हैं. इससे पहले आयोग स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य के लिए भाषा, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषयों का संशोधित परिणाम भी जारी कर चुका है.
यह भी पढ़ें: नगर निकाय चुनाव: मतदान के दिन हाईकोर्ट में अवकाश घोषित

