चतरा: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में चौकीदार द्वारा कथित अवैध वसूली के वायरल वीडियो ने प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार से जवाब तलब किया है.
नो एंट्री चेकपोस्ट का बताया जा रहा मामला
सिमरिया सीओ के अनुसार यह पूरा मामला चतरा-रांची मुख्य मार्ग एनएच-22 स्थित जबड़ा बाजार के पास बने नो एंट्री चेकपोस्ट का है. अंचल अधिकारी द्वारा जारी शोकॉज में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर वायरल 57 सेकंड के वीडियो में चौकीदार ट्रक चालकों से खुलेआम पैसे लेते हुए नजर आ रहा है.
चौकीदार पर वसूली का आरोप
वीडियो के अनुसार नो एंट्री के दौरान वाहनों को पास कराने के नाम पर चौकीदार सत्येंद्र सिंह चालकों से अवैध वसूली कर रहा था. वीडियो में वह कथित रूप से चालकों से पैसे लेकर अपनी वर्दी की जेब में रखते हुए दिख रहा है.
Also Read: नो एंट्री में अवैध उगाही का खेल, चतरा पुलिस पर ट्रक चालकों से वसूली का आरोप, Video Viral
24 घंटे में जवाब देने का निर्देश
मामले पर संज्ञान लेते हुए सिमरिया के अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने आरोपी चौकीदार सत्येंद्र सिंह को 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया है. शोकॉज नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधि नियमों का उल्लंघन है और इससे विधि-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है.

सख्त कार्रवाई की चेतावनी
सीओ गौरव कुमार ने कहा कि भ्रष्टाचार और अनियमितता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी. यदि आरोपी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी.
घटना के बाद बढ़ा आक्रोश
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और ट्रक चालकों में आक्रोश देखा गया. मौके पर मौजूद लोगों ने वसूली का विरोध भी किया, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी. वहीं पुलिस प्रशासन भी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.
जांच और कार्रवाई पर टिकी नजर
ट्रक चालकों का कहना है कि नो एंट्री के दौरान जबड़ा चेकपोस्ट पर तैनात चौकीदार वाहनों को आगे बढ़ाने के लिए पैसे की मांग करता था. मामले के सामने आने के बाद अब प्रशासन पर निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है. फिलहाल सभी की नजर आरोपी के जवाब और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है.
