Hazaribagh: राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जिला संयुक्त औषधालय आयुष भवन, हजारीबाग में बुधवार को एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस. एन. तिवारी के नेतृत्व में आयुष चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने केक काटकर राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया तथा समाज के प्रति चिकित्सकों की सेवा, समर्पण और जिम्मेदारियों को याद किया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एस. एन. तिवारी ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि चिकित्सक केवल रोगों का उपचार करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और जागरूक बनाने वाला मार्गदर्शक भी होता है. चिकित्सा सेवा एक ऐसा महान कार्य है, जिसमें संवेदनशीलता, धैर्य, समर्पण और मानवता का विशेष महत्व होता है. प्रत्येक चिकित्सक को अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए.
यह भी पढ़ें: डॉक्टर्स डे पर चिकित्सकों ने दिया मानवता का संदेश, IMA हॉल में रक्तदान शिविर का आयोजन

चिकित्सक का सबसे बड़ा धर्म सेवा
इस अवसर पर जिला नोडल आयुष चिकित्सा सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. आनंद शाही ने कहा कि चिकित्सक का सबसे बड़ा धर्म सेवा है. उन्होंने कहा कि मरीजों की पीड़ा को समझकर उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराना ही एक सच्चे चिकित्सक की पहचान है. समाज में चिकित्सकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि वे अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा भावना के माध्यम से लोगों को नया जीवन देने का कार्य करते हैं. उन्होंने सभी चिकित्सकों से आग्रह किया कि वे सदैव सेवा, समर्पण और मानवीय मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का पालन करें. कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने एक-दूसरे को चिकित्सक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया. केक काटकर सभी ने इस विशेष दिवस की खुशियां साझा कीं और चिकित्सा सेवा को जनहित के लिए और अधिक प्रभावी बनाने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: JSSC ने जारी की Answer key और रिस्पॉन्स शीट, अभ्यर्थियों को मिला आपत्ति दर्ज कराने का मौका
मौके पर ये रहे मौजूद
इस अवसर पर डॉ. आनंद शाही, डीपीएम जमाल रिज़वी, डॉ. विजय तिवारी, डॉ. नीरज उपाध्याय, डॉ. शैलेंद्र राय, डॉ. रंजना कुमारी, डॉ. दीपिका खंडेलवाल, डॉ. कौकब सारा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. एस. के. दास, राजनंदनी, हरिनंदन यादव, संतोष मेहता, संतोष कुमार, विजय चौधरी सहित बड़ी संख्या में आयुष चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे. सभी ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर चिकित्सा सेवा को और अधिक जनोन्मुखी एवं प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की.


