Bank Holiday List: अप्रैल महीने में कई बड़े त्योहारों और खास अवसरों के चलते देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक अलग-अलग तारीखों पर बंद रहेंगे. आज 2 अप्रैल गुरुवार को भी हनुमान जयंती है. ऐसे में सवाल उठता है कि आज हनुमान जयंती के अवसर पर बैंक खुले हैं या बंद? आरबीआई की हॉलीडे लिस्ट के मुताबिक आज हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में कोई छुट्टी नहीं है. हालांकि, मौंडी थर्सडे के मौके पर केरल में बैंक बंद रहेंगे. केरल के अलावा सभी राज्यों में बैंक आज खुले रहेंगे. अगर आपको बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम करना है, तो पहले इन छुट्टियों की जानकारी लेना बेहद जरूरी है, ताकि आपको किसी तरह की परेशानी न हो.
2 और 3 अप्रैल: लगातार दो दिन का असर
2 अप्रैल को मौंडी थर्सडे के मौके पर केरल में बैंक बंद रहेंगे. इसके अगले दिन 3 अप्रैल को गुड फ्राइडे के कारण देश के ज्यादातर हिस्सों में बैंक बंद रहेंगे. हालांकि, त्रिपुरा, चंडीगढ़, असम, राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में इस दिन बैंक खुले रहेंगे.
14 अप्रैल: ज्यादातर राज्यों में छुट्टी
14 अप्रैल को डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर जयंती के साथ-साथ बैसाखी, तमिल नव वर्ष, बोहाग बिहू, महाविषुव संक्रांति जैसे कई त्योहार मनाए जाएंगे. इस वजह से त्रिपुरा, गुजरात, महाराष्ट्र, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, उत्तराखंड, सिक्किम, असम, आंध्र प्रदेश, मणिपुर, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, केरल, पश्चिम बंगाल, गोवा, बिहार और झारखंड में बैंक बंद रहेंगे.
15 और 16 अप्रैल: पूर्वोत्तर और पूर्वी राज्यों में असर
15 अप्रैल को बंगाली नव वर्ष, बोहाग बिहू, विशु और हिमाचल दिवस के चलते त्रिपुरा, असम, मणिपुर, केरल, पश्चिम बंगाल और हिमाचल प्रदेश में बैंक बंद रहेंगे. वहीं 16 अप्रैल को केवल असम में बोहाग बिहू के कारण बैंक बंद रहेंगे.
20 और 21 अप्रैल: दक्षिण और पूर्वोत्तर में छुट्टी
20 अप्रैल को कर्नाटक में बसव जयंती और अक्षय तृतीया के अवसर पर बैंक बंद रहेंगे. इसके बाद 21 अप्रैल को त्रिपुरा में गरिया पूजा के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित रहेंगी.
डिजिटल बैंकिंग रहेगी जारी
हालांकि, इन छुट्टियों के दौरान बैंक शाखाएं बंद रहेंगी, लेकिन ग्राहकों को घबराने की जरूरत नहीं है. मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग, एटीएम और यूपीआई जैसी डिजिटल सेवाएं हमेशा की तरह चालू रहेंगी. आप आसानी से पैसे ट्रांसफर, बिल पेमेंट और अन्य ऑनलाइन काम कर सकते हैं. ध्यान रखें कि छुट्टियों के दौरान चेक क्लियरेंस, डिमांड ड्राफ्ट और बड़ी नकद लेन-देन जैसी सेवाएं उपलब्ध नहीं होंगी. इसलिए बेहतर है कि अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें और छुट्टी से पहले अपने बैंक ब्रांच से एक बार जानकारी जरूर कन्फर्म कर लें.
