कुडू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3.80 लाख की ब्राउन शुगर जब्त, दो गिरफ्तार

Lohardaga: कुडू थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के मामले का खुलासा किया...

Lohardaga: कुडू थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी के मामले का खुलासा किया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से करीब 19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है.

गुप्त सूचना पर कार्रवाई

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 की रात पुलिस अधीक्षक, लोहरदगा को गुप्त सूचना मिली थी कि लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से अवैध परिवहन किया जा रहा है. सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्रद्धा केरकेट्टा के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया.

छापेमारी दल में कई अधिकारी शामिल

इस दल में कुडू थाना प्रभारी अजीत कुमार, तकनीकी शाखा के पदाधिकारी वारिस हुसैन, बड़की चांपी पिकेट के रामप्रकाश यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. साथ ही अंचल अधिकारी कुडू भी इस कार्रवाई में मौजूद रहे.

Also Read: बड़ी खबर: झारखंड प्रशासनिक सेवा के स्पेशल सेक्रेट्री को मिलेगा 10 हजार ग्रेड-पे, वित्त विभाग की मंजूरी

वाहन जांच में पकड़े गए आरोपी

छापामारी दल ने चांपी चौक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान चंदवा की ओर से एक टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखे, जो पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे. संदेह के आधार पर पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें पकड़ लिया.

तलाशी में बरामद हुई ब्राउन शुगर

पूछताछ में दोनों युवकों ने अपना नाम मोहित कुमार (पिता उपेंद्र ठाकुर) और आयुस कुमार (पिता धर्मेंद्र ठाकुर), निवासी थाना टोली, चंदवा, जिला लातेहार बताया. अंचल अधिकारी की उपस्थिति में विधिवत तलाशी लेने पर दोनों के पास से प्लास्टिक में रखा करीब 19 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. आरोपियों ने स्वीकार किया कि बरामद पदार्थ ब्राउन शुगर है, जिसे वे बेचने के लिए ले जा रहे थे.

मामला दर्ज, जांच जारी

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और बाइक (संख्या JH03AF4878) को जब्त कर लिया है तथा दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इस संबंध में कुडू थाना कांड संख्या 34/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

स्थानीय लोगों ने की सराहना

पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है. स्थानीय लोगों ने भी इस अभियान की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे.

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *