Bokaro: जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत #NewVoters अभियान के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त अजय नाथ झा ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (ERO) एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी (AERO) के साथ समीक्षा बैठक की.

निर्धारित समय पर चलेगा विशेष अभियान
बैठक में DEO सह DC ने बताया कि #NewVoters विशेष अभियान का आयोजन 5 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक किया जाएगा. उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान के प्रभावी संचालन एवं अधिकाधिक पात्र युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

हर पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में जोड़ने का लक्ष्य
DEO सह DC ने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से दर्ज कराया जाए. उन्होंने विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा BLO के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
उन्होंने निर्देश दिया कि #NewVoters अभियान का सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म सहित अन्य जनसंचार माध्यमों पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र युवा अभियान से जुड़ें और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा सकें.
समयबद्ध निष्पादन एवं सतत मॉनिटरिंग पर जोर
DEO सह DC ने दावा एवं आपत्ति अवधि के दौरान प्राप्त सभी आवेदनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए. बैठक में अपर समाहर्ता सुनील चन्द्र, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रेमचंद सिन्हा सहित सभी संबंधित पदाधिकारी एवं ERO-AERO वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे.

