Click Here
Click Here
Click Here
Click Here
Click Here

गिरिडीह में आसमानी कहर: 24 घंटे में वज्रपात से 10 लोगों की मौत, 8 गंभीर रूप से झुलसे

Giridih: गिरिडीह जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई भीषण वज्रपात की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. अलग-अलग...

Giridih: गिरिडीह जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई भीषण वज्रपात की घटनाओं ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं. अलग-अलग प्रखंडों में आकाशीय बिजली गिरने से कुल 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से झुलस गए. सबसे दर्दनाक हादसा देवरी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां दो अलग-अलग घटनाओं में एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों समेत पांच लोगों की मौत हो गई. इस त्रासदी के बाद पूरे जिले में शोक की लहर है.

देवपहाड़ी में मोबाइल गेम खेल रहे छात्रों पर टूटा कहर

देवरी थाना क्षेत्र के देवपहाड़ी स्थित गोसाई आहर (तालाब) के समीप पांच युवक और किशोर बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे बैठे थे. इनमें से चार छात्र मोबाइल पर गेम खेल रहे थे, तभी अचानक तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ और सभी इसकी चपेट में आ गए. घायलों को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्जुन कुमार साव (17), विष्णुदेव साव (13), अविनंदन उर्फ गजेंद्र साव (15) और कुश कुमार तिवारी (18) को मृत घोषित कर दिया. वहीं उमेश यादव (17) गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है. मृतकों में अर्जुन, विष्णुदेव और गजेंद्र आपस में चचेरे भाई थे. तीनों छात्र स्थानीय विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे थे. इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है.

खेत में काम कर रहे किसान की भी गई जान

दूसरी घटना देवरी की तिलयडीह गांव में हुई, जहां खेत में धान का बिचड़ा डाल रहे संतोष तिवारी (40) वज्रपात की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, इस हादसे में विक्रम तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है. घटना की सूचना मिलने पर खोरीमहुआ SDPO अमरेंद्र कुमार, देवरी थाना पुलिस और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया.

विधायक मंजू कुमारी ने जताया शोक

जमुआ विधायक मंजू कुमारी, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, मंडल अध्यक्ष पंकज राम सहित कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे. विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं को देखते हुए हर गांव में तड़ित चालक लगाने की आवश्यकता है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.

नवडीहा में कुदाल पर गिरी बिजली, महिला की मौत

नवडीहा ओपी क्षेत्र के बबैडीह गांव में धान रोपाई कर लौट रही आरती देवी (28) के कंधे पर रखे लोहे के कुदाल पर बिजली गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना में मालती देवी (27) और रूबी देवी (25) गंभीर रूप से झुलस गईं. दोनों का इलाज बेंगाबाद के निजी अस्पताल में चल रहा है.

गांडेय में खेत में काम कर रहे युवक की मौत

गांडेय थाना क्षेत्र के ओझाडीह गांव में सोमवार शाम खेत में काम कर रहे पप्पू हांसदा (32) वज्रपात की चपेट में आ गए. उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. प्रशासन ने परिजनों को सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है.

गावां में महिला की मौत, दो मवेशी भी मरे

गावां प्रखंड के भेलवा गांव में धान रोपनी के दौरान बरगद के पेड़ के नीचे भोजन कर रही पूनम देवी (35) पर वज्रपात हो गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं अंबा सखुआ गांव में बिजली गिरने से दो मवेशियों की मौत हो गई और तीन चरवाहे झुलस गए, जिनका इलाज जारी है.

बिरनी में खेत में काम कर रहे वृद्ध किसान की गई जान

बिरनी प्रखंड के बेडगरो गांव में खेत में काम कर रहे यूनुस मियां (75) पर ठनका गिर गया. परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद जनप्रतिनिधियों ने आपदा राहत कोष से मुआवजा देने की मांग की है.

बगोदर में मजदूर की मौत, दो घायल

बगोदर थाना क्षेत्र के अलगडीहा स्थित कोनार नहर निर्माण स्थल पर बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे खड़े लातेहार निवासी मजदूर समीर गिद (47) की वज्रपात से मौके पर ही मौत हो गई. वहीं महावीर तुरी गंभीर रूप से झुलस गए. दूसरी घटना खेतको पंचायत में हुई, जहां खेमिया देवी (50) धान रोपकर लौटने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गईं. दोनों घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है.

जिले में दहशत, प्रशासन ने की सतर्क रहने की अपील

लगातार हो रही वज्रपात की घटनाओं ने ग्रामीण इलाकों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, खेतों और पेड़ों के नीचे शरण नहीं लेने तथा मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है. वहीं मृतकों के परिजनों को आपदा राहत के तहत सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

यह भी पढ़ें: पाकुड़: अवैध बालू परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई, बालू लदा डंपर जब्त

 

सम्बंधित ख़बरें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *