रामगढ़: जिले के पतरातू-केरेडारी प्रखंड सीमा पर स्थित हेन्देगिर के लोहरसा जंगल में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ग्रामीणों ने एक अज्ञात युवक को गंभीर स्थिति में देखा. युवक के शरीर पर बेरहमी के निशान और चारों तरफ फैले खून को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया. प्रथम दृष्टया में यह मामला किसी रंजिश में की गई जानलेवा हमले का प्रतीत हो रहा है.
घायल युवक को पतरातू प्रखंड चिकित्सालय में कराया गया भर्ती
घटना के बारे में बताया जा रहा है, कि स्थानीय ग्रामीणों ने जब जंगल की ओर जाते समय झाड़ियों में खून से लथपथ युवक को देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी केरेडारी थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंची और घायल युवक को रेस्क्यू कर तत्काल उसे पतरातू प्रखंड चिकित्सालय में भर्ती कराया.
चिकित्सकों के अनुसार, युवक पर हमला बेहद क्रूर तरीके से किया गया है. जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे रोंगटे खड़े करने वाली हैं. युवक की गर्दन पर किसी धारदार हथियार से गहरा वार किया गया है. हमले में युवक की एक आंख पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई है.
यह भी पढ़ें: सरायकेला : झारखंड विधानसभा की युवा कल्याण, संस्कृति एवं पर्यटन विकास समिति की सभापति बनीं सविता महतो
