पलामू: जिले में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में कुख्यात अपराधी फैज खान घायल हो गया है. शुक्रवार को हुई इस कार्रवाई में पुलिस की आत्मरक्षार्थ फायरिंग के दौरान फैज खान के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस ने मौके से उसके एक अन्य साथी को भी दबोचने में सफलता हासिल की है.

हत्या के मामले में थी तलाश:
मामले की पृष्ठभूमि गुरुवार रात से जुड़ी है. पलामू के प्राइवेट बस स्टैंड के पास स्थित शताब्दी मार्केट में कुख्यात अपराधी गुड्डु खलीफा उर्फ समीर खलीफा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में फैज खान और उसके गिरोह का नाम सामने आया था, जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए जाल बिछाया था.
पांकी-तरहसी सीमा पर हुई मुठभेड़:
पलामू पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फैज खान अपने साथियों के साथ पांकी और तरहसी थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगली और पहाड़ी इलाके में छिपा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस की एक विशेष टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी. अपराधियों की गोलीबारी का जवाब देते हुए पुलिस ने भी मोर्चा संभाला. दोनों ओर से हुई फायरिंग में फैज खान के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा.पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर फैज खान और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया.
