Saraikela: राष्ट्रीय गैर संचारी रोग (NCD) कार्यक्रम के तहत गुरुवार को S.S+2 हाई स्कूल, चांडिल में मुख स्वास्थ्य जांच शिविर, राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का संचालन सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (NCD) डॉ. कामिनी लता के निर्देशन में किया गया.

छात्रों को दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
शिविर में दंत चिकित्सक डॉ. शानदार हसन रिजवी और डॉ. पूनम कुमारी ने 120 छात्र-छात्राओं के दांत और मुख की जांच की. विद्यार्थियों को नियमित ब्रश करने, संतुलित आहार लेने और दंत रोगों से बचाव के उपाय बताए गए.

गुटखा और तंबाकू के नुकसान बताए
डॉ. पूनम कुमारी ने छात्रों को तंबाकू और गुटखा सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराया. उन्होंने कहा कि गुटखा और तंबाकू की आदत आगे चलकर मुख कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती है.

वरीय दंत चिकित्सक डॉ. रीना सिंह ने कहा, “गुटखा खाने में भले ही मजा लगे, लेकिन हर थूक में जहर होता है. अभी भी समय है, तंबाकू से दूरी बनाएं और स्वस्थ जीवन अपनाएं.”
मानसिक स्वास्थ्य पर भी जागरूकता
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, सकारात्मक सोच और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के महत्व की जानकारी दी गई.
ALSO READ: जमशेदपुर: ग्रेजुएट महाविद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर, छात्राओं को दी गई कानून की जानकारी
तंबाकू मुक्त जीवन की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई. NCD विभाग ने लोगों से तंबाकू मुक्त समाज बनाने में सहयोग की अपील की.

