Koderma: जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR)-2026 की प्रगति एवं आगामी गतिविधियों को लेकर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड, रांची से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी प्राप्त हुई है. इसके तहत 20 जून से 29 जून 2026 तक तैयारी, प्रशिक्षण एवं प्रिंटिंग से संबंधित कार्य किए गए.

उन्होंने बताया कि 22 एवं 23 जून 2026 को सभी प्रखंडों एवं अंचलों में BLO तथा BLO पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया. 24 एवं 25 जून 2026 को BLO-2 तथा 27 एवं 29 जून 2026 को प्रतिनियुक्त वॉलंटियर्स का जिला स्तर पर प्रशिक्षण आयोजित किया गया. कार्यक्रम के तहत 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक BLO द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण किया गया. साथ ही मतदान केंद्रों के पुनर्गठन का कार्य भी 29 जुलाई 2026 तक पूरा किया गया. 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया.

दावा-आपत्ति और विशेष शिविरों की जानकारी साझा
अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक मतदाता सूची से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी. संबंधित सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी द्वारा 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026 तक प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा. अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

बैठक के दौरान 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत किए गए कार्यों एवं उससे संबंधित आंकड़ों से राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया. उन्होंने बताया कि मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी-सह-सचिव, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, झारखंड, रांची से प्राप्त निर्देश के आलोक में दावों एवं आपत्तियों के संग्रहण के लिए सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे. प्रथम विशेष शिविर 8 एवं 9 अगस्त 2026 तथा द्वितीय विशेष शिविर 22 एवं 23 अगस्त 2026 को आयोजित होगा.
ग्रामसभा, सत्यापन और नए मतदाताओं पर रहेगा फोकस
इसके अतिरिक्त, SIR कार्यक्रम को लेकर 15 अगस्त 2026 को सभी मतदान केंद्रों से संबंधित पंचायत भवनों में ग्रामसभा आयोजित की जाएगी. ग्रामसभा में संबंधित पंचायत क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों के BLO एवं चुनाव पाठशाला के सदस्य भाग लेंगे. उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक ‘होम-टू-रोल’ सत्यापन का कार्य किया जाएगा. साथ ही 4 सितंबर 2026 तक सभी घरों में परिवार के सदस्यों से संबंधित सत्यापन स्टिकर लगाया जाएगा.
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा संशोधित मतदान केंद्रों की सूची एवं प्रारूप प्रकाशित मतदाता सूची उपलब्ध कराने की मांग की गई. इस पर उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि प्रारूप मतदाता सूची की संपूर्ण प्रति प्राप्त होते ही एक से दो दिनों के अंदर सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी जाएगी. बैठक के दौरान सहायक प्रशासी पदाधिकारी द्वारा संशोधित मतदान केंद्रों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई.
अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी ने बताया कि 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक दावा एवं आपत्तियों की अवधि में प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 प्राप्त किए जाएंगे. साथ ही 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले नए पात्र मतदाताओं के नाम भी नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे.
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, BLO एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आपसी समन्वय स्थापित करते हुए मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करने की अपील की. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी निर्मल सोरेन, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी समेत मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे.
ALSO READ: जमशेदपुर: ग्रेजुएट महाविद्यालय में कानूनी जागरूकता शिविर, छात्राओं को दी गई कानून की जानकारी

