रांची/आनंद: गुजरात के आनंद स्थित युग पुरुष इनडोर स्टेडियम में 31 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक आयोजित अस्मिता पेंचक सिलाट सब-जूनियर एवं जूनियर राष्ट्रीय लीग प्रतियोगिता में झारखंड की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन किया. इस प्रतियोगिता में देशभर के 30 राज्यों की खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था.
6 पदकों के साथ झारखंड का दमदार प्रदर्शन
झारखंड की बेटियों ने कुल 6 पदक अपने नाम किए. पलक साहू ने स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया, जबकि जानवी आलिया महतो ने रजत पदक हासिल किया. वहीं तेजस्वी खाती, विशाखा थापा, श्वेता कुमारी और लिजा हांसदा ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया.
ALSO READ: रेलवे केबल चोरी का खुलासा, रंगे हाथ पकड़ा गया युवक, कबाड़ी तक जुड़ा पूरा नेटवर्क
खेलो इंडिया के तहत मिलेगा नकद पुरस्कार
प्रतियोगिता के तहत खिलाड़ियों को खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे. स्वर्ण पदक विजेता को ₹12,000, रजत पदक विजेता को ₹10,000 और कांस्य पदक विजेता को ₹8,000 की राशि उनके बैंक खातों में दी जाएगी.
कोच और टीम मैनेजमेंट का योगदान
झारखंड पेंचक सिलाट संघ की महासचिव एवं संस्थापक डौली सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने लगातार दूसरे वर्ष भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जो उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है. टीम के साथ पुरुष कोच सूरज चिक बड़ाईक, महिला कोच किरण सिंह और मैनेजर गुलाम अब्दुल कादिर मौजूद रहे.
