जमशेदपुर: जिले के गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र अंतर्गत आसनबनी गांव निवासी होमगार्ड जवान जगन्नाथ महतो (45 वर्ष) की शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
घायल अवस्था में मिले, इलाज के दौरान मौत
बताया जा रहा है कि घाघीडीह जेल में ड्यूटी पर तैनात जगन्नाथ महतो तीन दिन पहले अपने डेरे पर संदिग्ध अवस्था में घायल पाए गए थे. इसके बाद वे शुक्रवार को अपने गांव लौटे, जहां उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गई. गंभीर हालत में उन्हें पहले बनमाकड़ी मेसो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने पर बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां शनिवार को चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ALSO READ: न्यायिक कार्य से जुड़े अभियोजन अधिकारियों को मिलेंगे हाईटेक लैपटॉप, गृह विभाग का आदेश
परिजनों ने उठाई जांच की मांग
मृतक के सिर के पिछले हिस्से पर गहरे जख्म पाए गए हैं, जबकि चोट लगने की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है. ऐसे में परिजनों ने इसे संदिग्ध मामला बताते हुए पुलिस से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से जांच की जा रही है.
