Dhanbad: कोयलांचल क्षेत्र में कोयला चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों पर भी हमला करने से नहीं हिचक रहे हैं. ताजा मामला केंदुआडीह थाना क्षेत्र के शिमलाबहाल स्थित कुमार मंगलम स्टेडियम के पास का है, जहां रविवार को एक गंभीर घटना सामने आई.
कोयला चोरी के दौरान पुलिस टीम पर हमला
जानकारी के अनुसार, ऐना कोलियरी से बीएनआर के लिए कोयला ट्रांसपोर्टिंग का काम चल रहा था. इसी दौरान सक्रिय कोयला चोरों का एक समूह हाईवा वाहनों को जबरन रोककर खुलेआम कोयला उतार रहा था. मौके पर मौजूद क्राइम स्पेशल ब्रांच के एएसआई अनुज कुमार ने जब इस अवैध गतिविधि का विरोध किया, तो स्थिति अचानक बिगड़ गई.
Also Read: गिरिडीह: तेज रफ्तार का कहर, बाइक-बबस की आमने-सामने टक्कर में युवक गंभीर
एएसआई और उनकी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कोयला चोरों ने एएसआई अनुज कुमार पर अचानक हमला कर दिया और उनकी पत्नी काजल कुमारी के सामने ही उनकी बेरहमी से पिटाई की. जब उनकी पत्नी बीच-बचाव के लिए आगे आईं, तो अपराधियों ने उनके साथ भी मारपीट की. इस घटना ने मौके पर मौजूद लोगों को दहला दिया.
इलाके में दहशत, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही क्राइम स्पेशल ब्रांच के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचे. घायल एएसआई और उनकी पत्नी को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है.
